अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा देशभर में स्वास्थ्य जागरूकता और नियमित योग अभ्यास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में “योग365” अभियान के तहत 100 दिनों के निःशुल्क लाइव योग सत्र शुरू किए गए हैं।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि Morarji Desai National Institute of Yoga ने Habuild Tech Private Limited के साथ समझौता कर देशभर में 100 दिनों तक निःशुल्क लाइव योग सत्र आयोजित करने की पहल की है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और दैनिक दिनचर्या में योग को शामिल करने के लिए प्रेरित करना है। यह अभियान अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 से पूर्व बड़े स्तर पर आयोजित किए जाने वाले ऑनलाइन योग कार्यक्रम के साथ संपन्न होगा, जिसमें विश्व रिकॉर्ड बनाने का भी प्रयास किया जाएगा। यह विशेष कार्यक्रम 27 मई को आयोजित किया जाएगा।
प्रवक्ता ने सभी विभागीय कर्मचारियों, उनके परिवारजनों तथा आम नागरिकों से इस जनहितकारी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। इच्छुक व्यक्ति ऑनलाइन पंजीकरण कर अथवा टोल फ्री नंबर 18003157008 पर संपर्क कर इन निःशुल्क लाइव योग सत्रों से जुड़ सकते हैं।
उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन, तनाव मुक्ति और सकारात्मक जीवनशैली को भी बढ़ावा देता है। ऐसे में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।