अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 100 दिन के मुफ्त योग सत्र

rakesh nandan

20/05/2026

जिला प्रशासन सिरमौर के प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि आयुष मंत्रालय द्वारा 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर स्वास्थ्य और नियमित योग अभ्यास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “100 दिनों के निःशुल्क लाइव योग सत्र” आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत आमजन, सरकारी कर्मचारी और उनके परिवार के सदस्य भी भाग ले सकते हैं। इच्छुक व्यक्ति ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं या टोल फ्री नंबर 18003157008 पर संपर्क करके जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

प्रवक्ता ने बताया कि 100 दिनों की अवधि के दौरान प्रतिभागी 14 दिनों के कई संरचित योग अभ्यास कार्यक्रमों में भी नामांकन कर सकते हैं। यह पहल लोगों को योग के प्रति जागरूक करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।

उन्होंने कहा कि आयुष मंत्रालय के अंतर्गत Morarji Desai National Institute of Yoga ने “योग 365” अभियान के तहत “100 दिनों के निःशुल्क लाइव योग सत्र” आयोजित करने के लिए Havild Health Tech Pvt. Ltd. के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।

प्रवक्ता ने बताया कि इस राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य योग को जन आंदोलन के रूप में बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि लोगों की भागीदारी न केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन को मजबूत करेगी, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के आयोजन को भी व्यापक स्तर पर सफल बनाएगी।