विक्रमादित्य सिंह ने ठियोग विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय प्रवास के दौरान विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए क्षेत्र में सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ करने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। अपने दौरे के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन चियोग-टियाली-धमांदरी-सैंज सड़क का निरीक्षण किया तथा टियाली-नहोल संपर्क सड़क की डंपिंग साइट का भी जायजा लिया।
🚧 20 करोड़ से सड़क अपग्रेडेशन
टियाली में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि फागू से चियोग-टियाली-धमांदरी-सैंज संपर्क सड़क के अपग्रेडेशन पर लगभग 20 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह सड़क काफी पुरानी है और समय-समय पर इसकी मेटलिंग और टायरिंग की जाती रही है, लेकिन बढ़ते ट्रैफिक और स्थानीय लोगों की मांग को देखते हुए इसका उन्नयन आवश्यक हो गया था। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण के दौरान गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और जहां-जहां डंगे लगाने की आवश्यकता है, वहां समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा किया जाए।
🛣️ नई सड़कों की घोषणा
मंत्री ने शाकीलधार से नहोल संपर्क सड़क के निर्माण की भी घोषणा की, जिस पर लगभग 7 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा उन्होंने क्षेत्र में एम्बुलेंस रोड निर्माण, आयुर्वेदिक पीएचसी भवन के निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा डंपिंग साइट की जांच के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि डंपिंग निर्धारित स्थानों पर नहीं की गई है, तो डीएफओ ठियोग को नियमानुसार कार्रवाई करनी चाहिए।
🌉 200 करोड़ की बड़ी परियोजना
धमांदरी में आयोजित जनसभा के दौरान मंत्री ने एक और बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि यशवंत नगर-छैला-नेरीपुल सड़क की अपग्रेडेशन पर लगभग 200 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस सड़क के बनने से सैंज, छैला, कोटखाई, जुब्बल और रोहड़ू सहित ऊपरी क्षेत्रों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और सेब उत्पादकों को अपनी फसल बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी।
📢 गिफ्ट डीड देने की अपील
मंत्री ने स्थानीय लोगों से अपील करते हुए कहा कि सड़क निर्माण कार्यों को गति देने के लिए वे समय पर गिफ्ट डीड उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग के बिना विकास कार्यों को तेजी से पूरा करना संभव नहीं है।
🏗️ पीएमजीएसवाई में 16 सड़कें
रहईघाट में आयोजित जनसभा के दौरान मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के चौथे चरण में ठियोग विधानसभा क्षेत्र के लिए 16 सड़कें स्वीकृत हुई हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पिछली बरसात में रहईघाट-ठियोग सड़क को भारी नुकसान हुआ था, लेकिन इसे रिकॉर्ड 52 घंटों में पुल सहित बहाल कर दिया गया था।
⚖️ सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामला
मंत्री ने बताया कि मतीयाना से छैला वाया कोटखाई 26 किलोमीटर सड़क पर 38 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, लेकिन यह मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित होने के कारण कार्य फिलहाल रुका हुआ है उन्होंने आश्वासन दिया कि जैसे ही मामला सुलझेगा, कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।
🛠️ खराब सड़कों का होगा सुधार
मंत्री ने नांगलदेवी से नलेयां सड़क की खराब स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि इसके सुधार के लिए बजट का प्रावधान कर लिया गया है और जल्द ही इसकी मेटलिंग-टायरिंग का कार्य शुरू किया जाएगा।
🏙️ नगर निगम ठियोग के लिए भी घोषणाएं
उन्होंने कहा कि नगर निगम ठियोग के विकास कार्यों के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि क्षेत्र के छोटे-बड़े सभी कार्य समय पर पूरे किए जा सकें।
🤝 जनसमस्याओं का समाधान
दौरे के दौरान मंत्री ने विभिन्न पंचायतों के लोगों की समस्याएं भी सुनीं और अधिकतर मामलों का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सभी विधानसभा क्षेत्रों में समान विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।