भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश की आर्थिक स्थिति पूरी तरह चरमरा चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार कर्मचारियों के वेतन, पेंशन और दैनिक खर्चों के लिए लगातार कर्ज लेने को मजबूर है, जो उसकी विफल आर्थिक नीतियों का सबसे बड़ा प्रमाण है।
राकेश जमवाल ने कहा कि समाचार पत्रों में प्रकाशित रिपोर्टों के अनुसार प्रदेश सरकार अब 500 करोड़ रुपये का नया ऋण लेने की तैयारी कर रही है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी सरकार हजारों करोड़ रुपये का कर्ज ले चुकी है, लेकिन इसके बावजूद आर्थिक स्थिति में कोई सुधार दिखाई नहीं दे रहा।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के पास न तो कोई स्पष्ट आर्थिक दृष्टि है और न ही वित्तीय प्रबंधन की ठोस नीति। सरकार केवल कर्ज लेकर खर्च चला रही है, जिससे प्रदेश पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के बाद जनता को राहत देने के बजाय महंगाई बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि डीजल पर वैट बढ़ाया गया, बिजली दरों में वृद्धि की गई, मुफ्त सुविधाएं बंद की गईं और आम जनता पर टैक्स तथा उपकर का अतिरिक्त बोझ डाला गया।
राकेश जमवाल ने कहा कि प्रदेश की वित्तीय स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि सरकार को कर्मचारियों और अधिकारियों के वेतन तक अस्थायी रूप से रोकने जैसे निर्णय लेने पड़ रहे हैं। उन्होंने इसे हिमाचल प्रदेश के इतिहास की बेहद चिंताजनक स्थिति बताया।
उन्होंने कांग्रेस सरकार पर “मित्रों की ऐश” चलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकारी धन और संसाधनों का उपयोग आम जनता के हित में नहीं बल्कि सत्ता के करीबी लोगों को लाभ पहुंचाने में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक ओर प्रदेश का आम नागरिक महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से परेशान है, वहीं दूसरी ओर सरकार अपने चहेतों को सुविधाएं और संरक्षण देने में लगी हुई है।
राकेश जमवाल ने पूर्व सीपीएस से जुड़े मामले को लेकर भी कांग्रेस सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणियों ने सरकार की कार्यप्रणाली की पोल खोल दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों की नियुक्तियां अदालत द्वारा निरस्त की जा चुकी हैं, वे अब भी सरकारी आवास और सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यह स्थिति दर्शाती है कि कांग्रेस सरकार कानून और संवैधानिक मर्यादाओं की परवाह किए बिना अपने करीबी लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है। भाजपा लंबे समय से प्रदेश के संसाधनों के दुरुपयोग का मुद्दा उठाती रही है और अब न्यायालय की टिप्पणियां भी इस ओर संकेत कर रही हैं।
भाजपा मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी प्रदेश की जनता के हितों की आवाज लगातार उठाती रहेगी और कांग्रेस सरकार की आर्थिक रूप से विफल तथा जनविरोधी नीतियों को जनता के सामने लाती रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब सरकार की वास्तविक स्थिति समझ चुकी है और आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।