जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त अपूर्व देवगन ने पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के लिए जिला मंडी के विभिन्न विकास खंडों में पंचायतवार मतदान केंद्रों की अधिसूचना जारी कर दी है। यह अधिसूचना हिमाचल प्रदेश पंचायती राज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 32(4) के तहत जारी की गई है।
जारी अधिसूचना के अनुसार जिला मंडी के सभी विकास खंडों में ग्राम पंचायत, पंचायत समिति तथा जिला परिषद चुनावों के लिए मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। प्रशासन की ओर से पंचायतवार और वार्डवार मतदान क्षेत्रों की सूची भी प्रकाशित की गई है, ताकि मतदाताओं को अपने मतदान केंद्र की जानकारी आसानी से मिल सके।
उपायुक्त ने बताया कि अधिसूचना में गोपालपुर, धर्मपुर, धनोटू सहित जिले के अन्य सभी विकास खंडों के मतदान केंद्र शामिल किए गए हैं। प्रत्येक पंचायत के अंतर्गत आने वाले वार्डों के लिए अलग-अलग मतदान क्षेत्र निर्धारित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों की सूची संबंधित एसडीएम कार्यालयों, बीडीओ कार्यालयों और पंचायत स्तर पर भी उपलब्ध करवाई जाएगी। मतदाता वहां जाकर अपने मतदान केंद्र और मतदान क्षेत्र की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
अपूर्व देवगन ने बताया कि पंचायत चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती सहित अन्य व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जा रही हैं।
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने मतदान केंद्र की जानकारी समय रहते प्राप्त कर लें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं। जिला प्रशासन द्वारा चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए सभी स्तरों पर समन्वय के साथ कार्य किया जा रहा है।