विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय बिलासपुर स्थित बहुउद्देशीय सांस्कृतिक भवन में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने की। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों, रेड क्रॉस सदस्यों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि रेड क्रॉस केवल एक संस्था नहीं बल्कि मानवता, सेवा और समर्पण का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि विश्व रेड क्रॉस दिवस समाज को उन मानवीय मूल्यों की याद दिलाता है, जिनके माध्यम से जरूरतमंद और कमजोर वर्गों तक सहायता पहुंचाई जाती है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सामाजिक चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं और ऐसे में रेड क्रॉस जैसी संस्थाओं की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। प्राकृतिक आपदाओं, सड़क दुर्घटनाओं, स्वास्थ्य संकटों और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में रेड क्रॉस संस्था अग्रणी भूमिका निभाते हुए पीड़ित मानवता की सेवा करती है।
राहुल कुमार ने कहा कि रेड क्रॉस का मूल उद्देश्य बिना किसी भेदभाव के मानव सेवा करना है। यह संस्था जाति, धर्म और क्षेत्र से ऊपर उठकर समाज के हर जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सेवा का भाव समाज को मजबूत बनाता है और रेड क्रॉस इसी भावना को जन-जन तक पहुंचा रहा है।
उपायुक्त ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि युवा शक्ति समाज सेवा के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने युवाओं को रेड क्रॉस, यूथ रेड क्रॉस और अन्य सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने रक्तदान को सबसे बड़ा मानव सेवा कार्य बताते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। नियमित रक्तदाताओं की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि उनका योगदान समाज के लिए प्रेरणादायक है।
राहुल कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन और जिला रेड क्रॉस सोसाइटी समाज के कमजोर वर्गों, दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों और जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों की भूमिका की भी सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने रेड क्रॉस प्रमोटर्स, सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवकों और उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया। सम्मानित संस्थाओं में मानव सेवा ट्रस्ट, अपराजिता ऑर्गेनाइजेशन, श्री सत्य साईं सेवा संगठन, समर्थ्य हमारी पहचान, नया सवेरा दिव्यांग शिक्षा संस्थान सहित कई संस्थाएं शामिल रहीं।
इसके अतिरिक्त 31 एनजीओ, 5 जूनियर रेड क्रॉस इकाइयों, 25 यूथ रेड क्रॉस इकाइयों, 5 विशेष उपलब्धि प्राप्त व्यक्तियों, 100 से अधिक बार रक्तदान करने वाले 5 रक्तदाताओं, 34 रेड क्रॉस स्वयंसेवकों और 10 दृष्टिबाधित दंपत्तियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल, सचिव जिला रेड क्रॉस सोसाइटी अमित कुमार, सुशील पुंडीर, सुरेश नड्डा, अरविंद और अरुण गौतम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।