शहरी निकाय चुनाव-2026 के तहत ऊना जिले में इलेक्ट्रॉनिक मतदान मशीनों (ईवीएम) और वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) प्रक्रिया शुक्रवार को सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली गई। यह प्रक्रिया राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न हुई।
इस संबंध में अतिरिक्त उपायुक्त महेन्द्र पाल गुर्जर ने जानकारी देते हुए बताया कि एफएलसी प्रक्रिया के बाद अब 9 मई को मॉक पोल आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में कुल मशीनों में से 10 प्रतिशत मशीनों पर 1000 मत डालकर मॉक पोल करवाया जाएगा। इसका उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मशीनों की कार्यक्षमता सुनिश्चित करना है।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि मॉक पोल प्रक्रिया शनिवार सुबह 7 बजे जिला निर्वाचन कार्यालय ऊना की चौथी मंजिल स्थित बैठक कक्ष में आयोजित की जाएगी। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि पूरी प्रक्रिया का अवलोकन कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। राजनीतिक दलों की उपस्थिति में मॉक पोल करवाने से चुनाव प्रक्रिया के प्रति विश्वास और पारदर्शिता और मजबूत होगी।
महेन्द्र पाल गुर्जर ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्षों और सचिवों से आग्रह किया कि वे स्वयं अथवा अपने अधिकृत प्रतिनिधियों को निर्धारित समय पर भेजकर मॉक पोल प्रक्रिया में सहभागिता सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन शहरी निकाय चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है।