पांवटा में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने भरे नामांकन

rakesh nandan

08/05/2026

उपमंडल पांवटा साहिब के अंतर्गत आने वाले जिला परिषद के चार वार्डों में से तीन भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने शुक्रवार को अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं विधायक सुखराम चौधरी की अगुवाई में उम्मीदवार ढोल-नगाड़ों और समर्थकों के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचे।

नामांकन प्रक्रिया के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। उम्मीदवारों ने अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि जनता उन्हें समर्थन देगी और क्षेत्र के विकास के लिए कार्य करेगी।

मीडिया से बातचीत करते हुए पूर्व मंत्री एवं पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुखराम चौधरी ने कहा कि भाजपा समर्थित तीन जिला परिषद उम्मीदवारों ने आज अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। उन्होंने दावा किया कि पंचायती राज चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को व्यापक जनसमर्थन मिलेगा।

सुखराम चौधरी ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार को सत्ता में आए साढ़े तीन वर्ष हो चुके हैं, लेकिन पांवटा साहिब, जिला सिरमौर और पूरे प्रदेश में विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि जनता विभिन्न समस्याओं से परेशान है जबकि प्रदेश सरकार जनहित के मुद्दों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि अब जनता के पास कांग्रेस सरकार को जवाब देने का अवसर है।

भाजपा विधायक ने कहा कि पंचायती राज चुनावों में प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी और भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को जीत दिलाएगी। उन्होंने दावा किया कि जिला सिरमौर में एक बार फिर भाजपा समर्थित जिला परिषद का गठन होगा।

सुखराम चौधरी ने यह भी कहा कि पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र के चारों जिला परिषद वार्डों में भाजपा समर्थित उम्मीदवार जीत दर्ज करेंगे और क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी