टटियाना वार्ड से भाजपा समर्थित उम्मीदवार ने भरा नामांकन

rakesh nandan

08/05/2026

शिलाई विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जिला परिषद वार्ड टटियाना से भाजपा समर्थित उम्मीदवार बलबीर पुंडीर ने शुक्रवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान भाजपा के पूर्व विधायक एवं प्रदेश प्रवक्ता बलदेव तोमर की अगुवाई में उम्मीदवार समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ ढोल-नगाड़ों के बीच एसडीएम कार्यालय पहुंचे।

नामांकन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखने को मिला। समर्थकों ने भाजपा प्रत्याशी की जीत का दावा करते हुए चुनाव में व्यापक जनसमर्थन मिलने की बात कही।

मीडिया से बातचीत करते हुए बलदेव तोमर ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को जवाब देने के लिए तैयार बैठी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में प्रदेश में विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं। कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के बाद पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में खोले गए कई सरकारी संस्थानों को बंद कर दिया, जिससे जनता को मिलने वाली सुविधाएं प्रभावित हुई हैं।

बलदेव तोमर ने दावा किया कि शिलाई विधानसभा क्षेत्र में भी 50 से अधिक सरकारी संस्थानों पर ताले लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इसके कारण लोगों को विभिन्न सरकारी कार्यों और सुविधाओं के लिए पांवटा साहिब और नाहन जाने को मजबूर होना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता में भारी आक्रोश है और अब पंचायती राज चुनावों में लोग कांग्रेस उम्मीदवारों से भी दूरी बना रहे हैं।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने दावा किया कि सिरमौर जिला परिषद में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की जीत होगी और पंचायती राज चुनावों में भी भाजपा समर्थित प्रत्याशी भारी मतों से विजयी होकर आएंगे।