जिला बिलासपुर में नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में उपायुक्त राहुल कुमार ने शुक्रवार को श्री नैना देवी जी उपमंडल के अंतर्गत स्वारघाट क्षेत्र में स्थापित विभिन्न स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं और चुनाव संबंधी अन्य सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम, बीडीओ कार्यालय में स्थापित स्ट्रांग रूम तथा बीडीसी और जिला परिषद चुनावों से संबंधित स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, विद्युत आपूर्ति, प्रवेश नियंत्रण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की।
उपायुक्त राहुल कुमार ने संबंधित अधिकारियों को चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने में स्ट्रांग रूम की सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी स्ट्रांग रूम की नियमित निगरानी सुनिश्चित बनाई जाए तथा सुरक्षा से जुड़े प्रत्येक पहलू पर विशेष ध्यान दिया जाए।
राहुल कुमार ने बताया कि 17 मई को श्री नैना देवी जी नगर परिषद के चुनाव प्रस्तावित हैं। इसके अलावा 26, 28 और 30 मई को पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव भी आयोजित किए जाएंगे। इन चुनावों को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों से सुरक्षा ड्यूटी, निगरानी व्यवस्था और रिकॉर्ड संधारण से संबंधित जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है।
इस अवसर पर एसडीएम श्री नैना देवी जी धर्मपाल, उपमंडल के तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।