ऊना इंडोर स्टेडियम में सस्ती खेल सुविधाओं का लाभ

rakesh nandan

08/05/2026

ऊना का इंडोर स्टेडियम जिले के युवाओं के लिए आधुनिक खेल सुविधाओं का किफायती और सुविधाजनक केंद्र बनता जा रहा है। यहां बैडमिंटन कोर्ट और जिम जैसी आधुनिक सुविधाएं रियायती दरों पर उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिससे खिलाड़ी, विद्यार्थी और फिटनेस के प्रति जागरूक युवा कम खर्च में बेहतर सुविधाओं का लाभ उठा रहे हैं।

जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग के अधिकारी प्रिंस पठानिया ने बताया कि इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन कोर्ट सुविधा के लिए बच्चों से मात्र 300 रुपये मासिक शुल्क लिया जा रहा है, जबकि अन्य वर्गों के लिए यह शुल्क 600 रुपये निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि जिम सुविधा के लिए बच्चों से 500 रुपये और अन्य वर्गों से 1000 रुपये मासिक शुल्क लिया जा रहा है। विभाग का उद्देश्य युवाओं को कम लागत पर गुणवत्तापूर्ण खेल और फिटनेस सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।

प्रिंस पठानिया ने कहा कि निजी क्षेत्र में इसी प्रकार की सुविधाओं के लिए काफी अधिक शुल्क लिया जाता है। निजी बैडमिंटन कोर्ट के लिए सामान्यतः 1000 से 2000 रुपये तक मासिक शुल्क देना पड़ता है, जबकि जिम सुविधाओं के लिए 1500 से 3000 रुपये तक फीस ली जाती है। ऐसे में ऊना इंडोर स्टेडियम युवाओं के लिए एक किफायती विकल्प के रूप में उभर रहा है।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन युवाओं को खेल गतिविधियों की ओर प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। आधुनिक खेल सुविधाओं को सुलभ बनाकर युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और खेल प्रतिभा को निखारने का अवसर प्रदान किया जा रहा है।

जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग के अधिकारी ने कहा कि उपायुक्त जतिन लाल के मार्गदर्शन में खेल सुविधाओं को अधिक सुलभ और व्यवस्थित बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि अधिक से अधिक युवा खेलों और फिटनेस गतिविधियों से जुड़ें।

इस संबंध में उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य युवाओं को स्थानीय स्तर पर बेहतर, सस्ती और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि खेल अधोसंरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है ताकि युवाओं को अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए बेहतर वातावरण मिल सके।

उपायुक्त ने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे में प्रशासन खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।