मंडी जिला परिषद चुनाव में दूसरे दिन नामांकन तेज

rakesh nandan

08/05/2026

पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के तहत मंडी जिले के विभिन्न उपमंडलों में जिला परिषद वार्डों के लिए दूसरे दिन नामांकन प्रक्रिया जारी रही। अलग-अलग वार्डों से कई उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारियों के समक्ष दाखिल किए।

उपमंडल जोगिन्द्रनगर के अंतर्गत जिला परिषद वार्ड नंबर-1 भड़याड़ा, वार्ड नंबर-3 नेरघरवासड़ा और वार्ड नंबर-36 लांगणा के लिए दूसरे दिन चार उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम मनीष चौधरी ने बताया कि वार्ड नंबर-1 भड़याड़ा से अजय कुमार, बलवीर सिंह और शेष राम ने नामांकन भरे, जबकि वार्ड नंबर-36 लांगणा से रीमा देवी ने नामांकन पत्र दाखिल किया। वार्ड नंबर-3 नेरघरवासड़ा से कोई नामांकन प्राप्त नहीं हुआ।

उपमंडल पधर में जिला परिषद वार्ड नंबर-2 बथेरी, 4-डलाह और 5-कुफरी के लिए तीन नामांकन पत्र दाखिल किए गए। सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम सुरजीत सिंह ने बताया कि वार्ड नंबर-4 डलाह से अनिता तथा वार्ड नंबर-5 कुफरी से शिवानी ठाकुर और सीमा देवी ने नामांकन पत्र दाखिल किए। वार्ड नंबर-2 बथेरी से कोई नामांकन नहीं हुआ।

उपमंडल बालीचौकी में वार्ड नंबर-6 नगवाईं और वार्ड नंबर-9 थाची के लिए कुल नौ उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। सहायक रिटर्निंग अधिकारी विचित्र सिंह ने बताया कि नगवाईं वार्ड से रामदेई, तमन्ना, विद्या देवी, कमला देवी, नर्वदा देवी, हिमानी चौहान और ओमी देवी ने नामांकन पत्र दाखिल किए। वहीं थाची वार्ड से हिमानी चौहान और ओमी देवी ने भी अपने नामांकन जमा करवाए।

मंडी सदर उपमंडल के अंतर्गत वार्ड नंबर-7 स्योग, 8-कटौला, 30-सदयाणा और 31-कोटली के लिए तीन नामांकन पत्र दाखिल हुए। सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम सदर मंडी रूपिन्द्र कौर ने बताया कि वार्ड नंबर-7 स्योग से सुरेंद्र कुमार और गिरीश ठाकुर तथा वार्ड नंबर-30 सदयाणा से लाभ सिंह ने नामांकन पत्र भरे। वार्ड नंबर-8 कटौला और 31-कोटली से कोई नामांकन प्राप्त नहीं हुआ।

उपमंडल गोहर में वार्ड नंबर-10 बासा, 11-मझोठी और 14-नौण के लिए तीन उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। सहायक रिटर्निंग अधिकारी देवी राम ने बताया कि वार्ड नंबर-10 बासा से बिमला देवी तथा वार्ड नंबर-14 नौण से नरोत्तम सिंह और चिंत राम ने नामांकन दाखिल किए। वार्ड नंबर-11 मझोठी से कोई नामांकन नहीं हुआ।

थुनाग उपमंडल में वार्ड नंबर-12 रोड़ और 13-ब्रयोगी के लिए आठ नामांकन पत्र दाखिल हुए। सहायक रिटर्निंग अधिकारी संजीत शर्मा ने बताया कि वार्ड नंबर-12 रोड़ से धनेश्वर सिंह और चन्द्रमणी ने नामांकन भरे, जबकि वार्ड नंबर-13 ब्रयोगी से नरेंद्र कुमार, डिंपल शर्मा, धनदेव, पपलेश सिंह और परस राम ने नामांकन दाखिल किए।

उपमंडल करसोग में दूसरे दिन केवल एक नामांकन पत्र प्राप्त हुआ। सहायक रिटर्निंग अधिकारी गौरव महाजन ने बताया कि वार्ड नंबर-15 चुराग से डुलू देवी ने नामांकन दाखिल किया, जबकि अन्य वार्डों से कोई नामांकन प्राप्त नहीं हुआ।

सुंदरनगर में वार्ड नंबर-21 खिलड़ा से अमरू राम ने एकमात्र नामांकन पत्र दाखिल किया। सहायक रिटर्निंग अधिकारी अमर सिंह ने इसकी पुष्टि की।

उपमंडल बल्ह में कुल 10 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। सहायक रिटर्निंग अधिकारी स्मृतिका नेगी ने बताया कि विभिन्न वार्डों से यशोदा देवी, प्रेम सिंह, पंकज शर्मा, वीरेन्द्र कुमार, नानक चंद, सुरेन्द्र कुमार, विनय गुलेरिया, नरेंद्र सिंह, राकेश कुमार और पवन कुमार ने नामांकन दाखिल किए।

उपमंडल सरकाघाट में दो उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र जमा करवाए। सहायक रिटर्निंग अधिकारी राजेन्द्र गौतम ने बताया कि वार्ड नंबर-28 भाम्बला से मीरा तथा वार्ड नंबर-29 थौना से लक्ष्मी ठाकुर ने नामांकन दाखिल किया।

वहीं उपमंडल धर्मपुर के अंतर्गत वार्ड नंबर-31 सरी, 34-टिहरा और 35-सोहर के लिए दूसरे दिन भी कोई नामांकन पत्र प्राप्त नहीं हुआ। सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम जोगिन्द्र पटयाल ने इसकी जानकारी दी।