संजय टंडन ने सोलन के गंज बाजार में आयोजित भाजपा रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है और प्रदेश की व्यवस्था चरमरा चुकी है।
संजय टंडन ने कहा कि अब समय आ गया है कि हिमाचल प्रदेश को दोबारा मजबूत और विकास की राह पर आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ही प्रदेश को मजबूत नेतृत्व, स्थिर विकास और प्रभावी शासन प्रदान कर सकती है।
रैली के दौरान उन्होंने कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली पर कटाक्ष करते हुए कहा, “हमने 440 वोल्ट की केंद्र सरकार के साथ 50 वोल्ट की तार जोड़ दी, इसलिए पूरा सिस्टम पटाखा बोल गया। अब इसको फिर से 440 वोल्ट बनाना है।”
भाजपा नेता ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार लगातार हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए कार्य कर रही है, लेकिन प्रदेश की कांग्रेस सरकार उसी गति और दृष्टि के साथ काम नहीं कर पा रही है। इसका नुकसान प्रदेश की जनता को उठाना पड़ रहा है।
संजय टंडन ने विशेष रूप से महिलाओं से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि कांग्रेस ने केवल झूठे वादे और भ्रम फैलाने का कार्य किया है।
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर पार्टी की नीतियों और केंद्र सरकार की उपलब्धियों की जानकारी जनता तक पहुंचाएं।
संजय टंडन ने कहा कि आगामी नगर निगम चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को भारी बहुमत से विजयी बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।