भाजपा ने बागी नेताओं की सदस्यता की निलंबित

rakesh nandan

09/05/2026

भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश ने पंचायतीराज एवं नगर निकाय चुनावों में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पार्टी की अनुशासन समिति ने जिला और मंडल स्तर से प्राप्त शिकायतों पर विचार-विमर्श करने के बाद इन गतिविधियों को गंभीर अनुशासनहीनता माना।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने अनुशासन समिति की अनुशंसा के आधार पर संबंधित नेताओं और कार्यकर्ताओं की प्राथमिक सदस्यता तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश जारी किए हैं।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार नगर निगम धर्मशाला में वार्ड नंबर-2 से पूर्व मेयर ओंकार नेहरिया, वार्ड नंबर-6 से पूर्व डिप्टी मेयर तेजेंद्र कौर, वार्ड नंबर-8 से धर्मशाला शहरी मंडल की मंडल सचिव सरोज गुलेरिया, वार्ड नंबर-14 से बूथ अध्यक्ष मितुल शुक्ला तथा वार्ड नंबर-1 से महिला मोर्चा मंडल सचिव हिमांशी अग्रवाल के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

इसके अतिरिक्त नगर परिषद नाहन के वार्ड नंबर-3 से लीला सैनी की प्राथमिक सदस्यता भी निलंबित कर दी गई है।

भाजपा ने स्पष्ट किया कि पार्टी संगठन और अनुशासन सर्वोपरि है तथा किसी भी स्तर पर अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ कार्य करना स्वीकार नहीं किया जाएगा।

पार्टी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है और संगठनात्मक मर्यादा तथा अनुशासन के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने सभी कार्यकर्ताओं से पार्टी हित और संगठनात्मक निर्णयों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। पार्टी ने कहा कि आगामी पंचायतीराज और नगर निकाय चुनावों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।