मंडी में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन, कांग्रेस सरकार पर निशाना

rakesh nandan

09/05/2026

भारतीय जनता पार्टी मंडी द्वारा शुक्रवार को मंडी स्थित विपाशा सदन में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, प्रदेश मुख्य प्रवक्ता राकेश जमवाल, प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य, विधायक अनिल शर्मा, इंद्र सिंह गांधी, पूर्ण चंद तथा पूर्व महापौर वीरेंद्र भट्ट सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सौदान सिंह ने कहा कि आज पूरे हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के खिलाफ असंतोष का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार प्रदेश के इतिहास की सबसे विफल और भ्रष्ट सरकार साबित हुई है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने लगभग साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश को आर्थिक संकट, प्रशासनिक अव्यवस्था और विकासहीनता की ओर धकेल दिया है। सौदान सिंह ने दावा किया कि प्रदेश का कुल कर्ज 1 लाख 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 तक पिछले लगभग 30 वर्षों में हिमाचल प्रदेश पर करीब 70 हजार करोड़ रुपये का कर्ज था, जबकि कांग्रेस सरकार ने केवल साढ़े तीन वर्षों में ही 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक का नया ऋण ले लिया।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि सरकार विकास कार्यों के लिए धन की कमी का हवाला देती है, लेकिन अपने करीबी लोगों पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़कें जर्जर हैं, अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी है और शिक्षण संस्थानों में शिक्षक नहीं हैं।

सौदान सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के समय शुरू की गई कई परियोजनाओं को या तो बंद कर दिया गया है या उनकी गति धीमी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि हिमकेयर, सहारा और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के तहत अस्पतालों के करोड़ों रुपये लंबित हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुई हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन में कई महीनों की देरी हो रही है, जिससे बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांग लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। भाजपा नेता ने कांग्रेस सरकार पर महिला हितैषी योजनाओं को बंद करने का भी आरोप लगाया।

सौदान सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने चुनावों के दौरान महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह देने और युवाओं को पांच लाख नौकरियां देने जैसी गारंटियां दी थीं, लेकिन अब तक उन्हें पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार का कार्यकाल पूरी तरह जनविरोधी रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने एचआरटीसी किराये, पानी के बिल, डिपो राशन, स्टांप ड्यूटी, सीमेंट और एंट्री टैक्स के माध्यम से जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश में अपराध और माफियाराज की घटनाओं में वृद्धि हुई है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार जनता की समस्याओं के समाधान में विफल रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की 28 लाख महिलाएं 42 महीनों से 1500 रुपये प्रतिमाह की प्रतीक्षा कर रही हैं, जबकि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि किसान, बागवान, व्यापारी और सेवानिवृत्त कर्मचारी भी सरकार की नीतियों से परेशान हैं।

डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने साढ़े तीन वर्षों में लगभग 1500 से अधिक संस्थानों को बंद कर दिया है। इनमें स्कूल, कॉलेज, अस्पताल और अन्य जनसेवा संस्थान शामिल हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ग्राम पंचायतों, बीडीसी, जिला परिषदों और नगर निकायों के खातों से धन निकालकर प्रदेश सरकार के खाते में डाला गया, जिससे स्थानीय विकास कार्य प्रभावित हुए।

भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक जाकर कांग्रेस सरकार की नीतियों और कथित विफलताओं की जानकारी जनता तक पहुंचाएं तथा आगामी पंचायतीराज और नगर निकाय चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को विजयी बनाने के लिए कार्य करें।