यशपाल कपूर को मिलेगा नेशनल यूथ लीडरशिप अवार्ड

rakesh nandan

09/05/2026

जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल की बजगा पंचायत के शामपुर गांव निवासी यशपाल कपूर का चयन नेशनल यूथ लीडरशिप अवार्ड-2026 के लिए किया गया है। उन्हें यह सम्मान शांति और सद्भावना के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया जाएगा।

यह पुरस्कार 11 मई को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले भव्य समारोह में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम तथा भारत में श्रीलंका की राजदूत महिषिणी कोलोन द्वारा प्रदान किया जाएगा।

नई दिल्ली में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार, माय भारत और प्रोजेक्ट प्वाइंट के संयुक्त तत्वावधान में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का विषय ‘यूथ इन डेमोक्रेसी एंड गवर्नमेंट फॉर विकसित भारत @2047’ रखा गया है।

कार्यक्रम में भारत के अलावा अन्य देशों के युवा नेतृत्वकर्ता भी भाग लेंगे। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को लोकतंत्र, नेतृत्व और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका के प्रति प्रेरित करना है।

प्रोजेक्ट प्वाइंट के चेयरमैन डॉ. संग्राम केसरी ने बताया कि इस अवसर पर देशभर में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लगभग दो दर्जन युवा नेताओं को सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश से यशपाल कपूर का चयन शांति और सद्भावना के क्षेत्र में उनके लंबे समय से किए जा रहे कार्यों के लिए किया गया है।

यशपाल कपूर वर्तमान में हिमाचल प्रदेश में नेशनल यूथ प्रोजेक्ट के समन्वयक के रूप में कार्य कर रहे हैं। वे पिछले कई दशकों से देशभर में शांति, सद्भावना और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

उनके चयन से सिरमौर जिला सहित पूरे हिमाचल प्रदेश में खुशी का माहौल है। सामाजिक संगठनों और क्षेत्र के लोगों ने इसे प्रदेश के लिए गौरव की बात बताया है।