भाजपा ने बीडीओ के तबादले को लेकर चुनाव आयोग को सौंपा ज्ञापन

rakesh nandan

09/05/2026

भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश ने पंचायत चुनावों की निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर गंभीर चिंता जताते हुए राज्य चुनाव आयोग को शिकायत पत्र सौंपा है। पार्टी ने नाहन विकास खंड में कार्यवाहक बीडीओ के रूप में कार्यरत परमजीत ठाकुर के तत्काल तबादले की मांग की है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय सचिव प्रमोद ठाकुर द्वारा राज्य चुनाव आयुक्त को भेजे गए शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि परमजीत ठाकुर स्थानीय कांग्रेस विधायक के करीबी सहयोगी के रूप में कार्य कर रहे हैं और अपने पद का दुरुपयोग करते हुए भाजपा समर्थित लोगों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार कर रहे हैं।

भाजपा ने आरोप लगाया कि वर्तमान तैनाती के दौरान संबंधित अधिकारी राजनीतिक एजेंट की तरह कार्य कर रहे हैं। शिकायत पत्र में कहा गया है कि कांग्रेस से जुड़े व्यक्तियों को मनरेगा और अन्य स्थानीय योजनाओं में अनुचित लाभ पहुंचाया जा रहा है।

पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि पहले कार्यरत सुपरिंटेंडेंट ग्रेड-II विकास बंसल का राजनीतिक दबाव में तबादला किया गया था और उनकी जगह परमजीत ठाकुर को कांग्रेस के एजेंडे को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से नियुक्त किया गया।

भाजपा के अनुसार सिरमौर जिले की लगभग 25 पंचायतों में भाजपा समर्थित लोगों के कार्यों में बाधाएं उत्पन्न की जा रही हैं, जबकि कांग्रेस समर्थित व्यक्तियों को प्राथमिकता दी जा रही है।

शिकायत पत्र में कहा गया है कि इस प्रकार की गतिविधियां ग्राम पंचायत चुनावों की निष्पक्षता को प्रभावित कर सकती हैं और प्रशासनिक मशीनरी के दुरुपयोग की आशंका को बढ़ाती हैं।

भाजपा ने राज्य चुनाव आयोग को अवगत करवाया कि पंचायत चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद हैं और यदि प्रशासनिक अधिकारी राजनीतिक दबाव में कार्य करेंगे तो जनता का चुनाव प्रक्रिया से विश्वास कमजोर होगा।

पार्टी ने चुनाव आयोग से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और चुनाव प्रक्रिया के दौरान निष्पक्ष वातावरण बनाए रखने के लिए परमजीत ठाकुर का तत्काल प्रभाव से तबादला करने की मांग की है।

भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार प्रशासनिक तंत्र का राजनीतिक लाभ के लिए उपयोग कर रही है। पार्टी ने कहा कि वह लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।