नाहन के अनुराग ने पास की एनडीए परीक्षा

rakesh nandan

09/05/2026

सिरमौर जिले के प्रतिष्ठित शिशु विद्या निकेतन स्कूल ने एक बार फिर शिक्षा और सफलता के क्षेत्र में अपनी पहचान मजबूत की है। स्कूल के प्रतिभावान छात्र अनुराग ने कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर प्रतिष्ठित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) की परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

एनडीए परीक्षा में सफलता हासिल करने के बाद अनुराग अपने विद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने स्कूल के प्रधानाचार्य कुंदन ठाकुर और शिक्षकों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन ने छात्र का गर्मजोशी से स्वागत किया।

मीडिया से बातचीत करते हुए प्रधानाचार्य कुंदन ठाकुर ने कहा कि दुर्गम क्षेत्र कोड़गा से संबंध रखने वाले अनुराग ने यह साबित कर दिया है कि यदि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन मिले तो ग्रामीण परिवेश से निकलकर भी देश की सर्वोच्च सेवाओं में स्थान हासिल किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि एनडीए में चयन के बाद अनुराग अब भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में देश सेवा करेंगे। प्रधानाचार्य ने बताया कि अनुराग शुरू से ही मेहनती और अनुशासित छात्र रहे हैं।

कुंदन ठाकुर ने कहा कि इस सफलता में छात्र की अपनी मेहनत का सबसे बड़ा योगदान है। उन्होंने बताया कि स्कूल के शिक्षकों ने समय-समय पर उनका मार्गदर्शन किया, लेकिन सफलता के पीछे लगभग 90 प्रतिशत मेहनत स्वयं छात्र की रही है।

उन्होंने कहा कि एनडीए की एसएसबी प्रक्रिया काफी कठिन मानी जाती है, लेकिन अनुराग ने सभी चुनौतियों को पार करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।

वहीं अनुराग ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार, शिक्षकों और निरंतर मेहनत को दिया। उन्होंने बताया कि जब वह आठवीं कक्षा में थे, तभी उनके भाई का चयन भारतीय सेना में हुआ था। उसी समय उन्होंने भी सेना में अधिकारी बनने का लक्ष्य तय कर लिया था।

अनुराग ने कहा कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा गांव में हुई, जिसके बाद वह नाहन आए और यहां एसवीएन स्कूल में पढ़ाई के दौरान शिक्षकों का मार्गदर्शन और लाइब्रेरी का सहयोग मिला। उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से भी तैयारी जारी रखी।

उन्होंने बताया कि शुरुआती तीन प्रयासों में वह लिखित परीक्षा पास नहीं कर पाए, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। एनडीए की तैयारी के लिए उन्होंने आगे की पढ़ाई तक छोड़ दी और पूरा समय परीक्षा की तैयारी को समर्पित कर दिया।

अनुराग ने कहा कि इस बार उनका अंतिम प्रयास था और उन्होंने पूरी मेहनत और समर्पण के साथ तैयारी की। उन्होंने बताया कि उनका घर ग्रामीण क्षेत्र में है, जहां सड़क सुविधा भी बेहद सीमित है। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य को नहीं छोड़ा।

इस दौरान अनुराग ने स्कूल के अन्य विद्यार्थियों से भी मुलाकात की और एनडीए परीक्षा से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत लगातार जारी रहे, तो कोई भी सपना असंभव नहीं होता।