एसपीयू मंडी को कमजोर कर रही कांग्रेस सरकार: बिंदल

rakesh nandan

09/05/2026

डॉ. राजीव बिंदल ने सरदार पटेल विश्वविद्यालय (SPU) मंडी को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने सुनियोजित तरीके से सरदार पटेल विश्वविद्यालय को कमजोर करने का कार्य किया है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के फैसलों से स्पष्ट है कि वह मंडी क्षेत्र के छात्रों और युवाओं के हितों की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने वर्ष 2022 में मंडी सहित प्रदेश के मध्य क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर और सुलभ उच्च शिक्षा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सरदार पटेल विश्वविद्यालय की स्थापना की थी।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का मुख्य उद्देश्य हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय पर बढ़ते दबाव को कम करना और मंडी, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, किन्नौर तथा आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना था।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विश्वविद्यालय की स्थापना के समय लगभग 119 से 128 कॉलेज इससे संबद्ध थे, लेकिन कांग्रेस सरकार ने धीरे-धीरे अधिकांश कॉलेजों को वापस हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला से जोड़ दिया। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान समय में एसपीयू के अंतर्गत केवल लगभग 50 कॉलेज ही शेष बचे हैं।

डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि यह निर्णय विश्वविद्यालय को व्यवस्थित रूप से कमजोर करने की नीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि मंडी जिला में भाजपा को मिले जनसमर्थन के कारण कांग्रेस सरकार राजनीतिक मानसिकता से कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि मंडी क्षेत्र के विकास और शिक्षा संस्थानों को कमजोर करना दुर्भाग्यपूर्ण है और इससे हजारों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

भाजपा नेता ने कहा कि कॉलेजों को पुनः शिमला से जोड़ने के कारण छात्रों और अभिभावकों पर अतिरिक्त आर्थिक, प्रशासनिक और मानसिक बोझ बढ़ेगा। परीक्षाओं, प्रमाणपत्रों और अन्य शैक्षणिक कार्यों के लिए विद्यार्थियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा इस निर्णय को छात्र विरोधी और क्षेत्र विरोधी मानती है।

डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार लगातार शिक्षा और जनसेवा संस्थानों को बंद या कमजोर करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार ने प्रदेशभर में 1500 से अधिक संस्थानों पर ताले लगाए हैं, जिनमें स्कूल, कॉलेज, स्वास्थ्य संस्थान और अन्य जनसेवा केंद्र शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि एसपीयू को कमजोर करना भी इसी नीति का हिस्सा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी सरदार पटेल विश्वविद्यालय के हितों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से संघर्ष करेगी।

उन्होंने कांग्रेस सरकार से मांग की कि विश्वविद्यालय को कमजोर करने वाले फैसलों को तुरंत वापस लिया जाए और एसपीयू को मजबूत एवं संसाधन संपन्न बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।