ऊना में पंचायत चुनावों के लिए अंतिम मतदाता सूची जारी

rakesh nandan

09/05/2026

पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य चुनाव-2026 के लिए जिला ऊना की अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त जतिन लाल ने दी।

उन्होंने बताया that प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के अनुसार जिला ऊना में कुल 3,79,459 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1,88,945 पुरुष मतदाता तथा 1,84,724 महिला मतदाता शामिल हैं।

उपायुक्त ने बताया कि विकास खंडवार मतदाताओं के आंकड़े भी जारी किए गए हैं। विकास खंड अंब में कुल 75,053 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 37,716 पुरुष और 36,202 महिला मतदाता शामिल हैं।

इसी प्रकार विकास खंड बंगाणा में कुल 63,506 मतदाताओं में 31,229 पुरुष तथा 30,827 महिला मतदाता पंजीकृत हैं।

विकास खंड गगरेट में कुल 72,324 मतदाता हैं, जिनमें 35,949 पुरुष और 35,355 महिला मतदाता शामिल हैं।

वहीं विकास खंड हरोली में कुल 88,062 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 43,944 पुरुष तथा 43,117 महिला मतदाता शामिल हैं।

ऊना विकास खंड में कुल 80,514 मतदाता पंजीकृत किए गए हैं, जिनमें 40,223 पुरुष और 39,223 महिला मतदाता शामिल हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी जतिन लाल ने बताया कि पंचायती राज संस्थाओं की निर्वाचन प्रक्रिया तीन चरणों में संपन्न होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पंचायत चुनावों के लिए 26, 28 और 30 मई को मतदान करवाया जाएगा।

उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण पर्व में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में योगदान दें।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित कर रहा है।