मंडी नगर निगम चुनाव हेतु मतदान कर्मियों की रिहर्सल

rakesh nandan

08/05/2026

17 मई को आयोजित होने वाले नगर निगम मंडी चुनाव-2026 के मद्देनजर शुक्रवार को राजकीय वल्लभ महाविद्यालय मंडी में मतदान कर्मियों की दूसरी चुनावी रिहर्सल आयोजित की गई। रिहर्सल सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी (ना) सदर रुपिन्दर कौर की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

इस रिहर्सल में कुल 200 मतदान कर्मियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए मतदान कर्मियों को आवश्यक जानकारी और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना रहा।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान मुख्य प्रशिक्षक विजय शर्मा तथा डॉ. कर्म सिंह ने मतदान कर्मियों को विस्तृत प्रशिक्षण दिया। उन्होंने ईवीएम संचालन, मॉक पोल प्रक्रिया, मतदाता पहचान, मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं और अन्य चुनावी प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी।

रिहर्सल में 50 पीठासीन अधिकारियों सहित कुल 200 मतदान कर्मियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। अधिकारियों को मतदान दिवस के दौरान पालन किए जाने वाले दिशा-निर्देशों और जिम्मेदारियों के बारे में भी अवगत करवाया गया।

सहायक रिटर्निंग अधिकारी रुपिन्दर कौर ने सभी मतदान कर्मियों से चुनाव प्रक्रिया को गंभीरता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें ताकि 17 मई को होने वाले नगर निगम चुनाव शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न करवाए जा सकें।

उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए मतदान कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

इस अवसर पर तहसीलदार (निर्वाचन) राजेश शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।