भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन में जिला परिषद चुनावों के लिए भाजपा समर्थित उम्मीदवारों के नामांकन के दौरान कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि त्रिलोकपुर वार्ड से भाजपा समर्थित उम्मीदवार एवं भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष प्रोमिला शर्मा तथा रेणुका-ददाहू वार्ड से उम्मीदवार शिवानी नामांकन दाखिल करेंगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों उम्मीदवार जनता के आशीर्वाद से भारी मतों से जीत दर्ज कर जिला परिषद में क्षेत्र की आवाज को मजबूती से उठाएंगी।
डॉ. बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश की आर्थिक स्थिति पूरी तरह बिगड़ चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले तीन वर्षों में प्रदेश में विकास कार्य लगभग ठप हो गए हैं, जबकि सरकारी खर्च लगातार बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार जनता के हितों के बजाय अपने करीबी लोगों और मित्रों को लाभ पहुंचाने में लगी हुई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के अनुसार सरकार ने पिछले तीन वर्षों में लगभग 45,000 करोड़ रुपये का कर्ज लिया है और अब भी लगातार ऋण लिया जा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि केवल इसी महीने करीब 1,500 करोड़ रुपये का नया कर्ज लेने की तैयारी चल रही है। इसके बावजूद प्रदेश में कोई बड़ा विकास कार्य धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा।
डॉ. बिंदल ने कहा कि वर्तमान में जो सड़कें बन रही हैं वे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत केंद्र सरकार के सहयोग से बन रही हैं। इसी प्रकार पुल निर्माण कार्य सीआरएफ और अन्य केंद्र पोषित योजनाओं के माध्यम से किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि फोरलेन और राष्ट्रीय राजमार्ग भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के सहयोग से तैयार हो रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार की अपनी विकास योजनाएं पूरी तरह ठप पड़ी हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने वित्तीय कुप्रबंधन और आर्थिक अव्यवस्था की सभी सीमाएं पार कर दी हैं।
डॉ. बिंदल ने कहा कि सिरमौर जिले में कांग्रेस नेताओं और मंत्रियों के दबाव में 100 से अधिक सरकारी संस्थानों को बंद किया गया है। इनमें स्कूल, अस्पताल, पटवार सर्कल, तहसीलें, उप-तहसीलें, पीडब्ल्यूडी और आईपीएच कार्यालय शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाएं बढ़ाने के लिए नए स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, पीएचसी और प्रशासनिक संस्थान खोले थे, लेकिन कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही इन संस्थानों को बंद करना शुरू कर दिया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अब प्रदेश में 100 और स्कूल बंद करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार का काम केवल संस्थानों को बंद करना रह गया है तो जनता आने वाले पंचायत और जिला परिषद चुनावों में कांग्रेस को करारा जवाब देगी।
डॉ. बिंदल ने कहा कि पंचायत और जिला परिषद चुनाव केवल स्थानीय निकायों के चुनाव नहीं बल्कि कांग्रेस सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता का जनमत भी हैं। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर कांग्रेस सरकार की विफलताओं को जनता तक पहुंचाने और भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को विजयी बनाने का आह्वान किया।