मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू को मुख्य सचिव संजय गुप्ता ने मशोबरा रिजॉर्ट लिमिटेड की ओर से मुख्यमंत्री सुख आश्रय कोष के लिए निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत 73.92 लाख रुपये का चेक भेंट किया।
मशोबरा रिजॉर्ट लिमिटेड एक सरकारी उपक्रम कंपनी है, जिसे ऐतिहासिक वाइल्डफ्लावर हॉल के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इस योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे सहयोग से समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों की सहायता करने में महत्वपूर्ण मदद मिलती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय में सफल कानूनी लड़ाई लड़कर मशोबरा रिजॉर्ट लिमिटेड को सशक्त बनाया है। इसके सकारात्मक परिणाम अब सामने आने लगे हैं और कंपनी एक लाभकारी संस्थान के रूप में उभर रही है।
उन्होंने कहा कि लगभग 120 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक वाइल्डफ्लावर हॉल संपत्ति करीब तीन दशकों तक कानूनी विवादों में उलझी रही। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के हस्तक्षेप के बाद राज्य सरकार ने इस मामले में प्रभावी पैरवी के लिए कानूनी विशेषज्ञों की सेवाएं लीं, जिसके चलते राज्य को बड़ी सफलता मिली।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय ने 20 फरवरी 2024 को इस संपत्ति का कानूनी अधिकार राज्य सरकार को सौंप दिया था। इसके बाद 31 मार्च 2025 को राज्य सरकार को इस संपत्ति का भौतिक कब्जा भी प्राप्त हो गया।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रदेश की संपत्तियों और संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना है, ताकि उनका लाभ आम जनता और जरूरतमंद वर्गों तक पहुंच सके।
इस अवसर पर प्रधान सचिव (वित्त) देवेश कुमार तथा मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर भी उपस्थित रहे।