डॉ. बिंदल ने कांग्रेस पर चुनाव प्रभावित करने का लगाया आरोप

rakesh nandan

08/05/2026

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या करने का आरोप लगाते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग कर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में अधिकारियों और प्रशासनिक तंत्र पर दबाव बनाकर चुनावों को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है, जो लोकतंत्र के लिए बेहद चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है।

डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि सोलन नगर निगम चुनाव में वार्ड नंबर-3 से भाजपा समर्थित उम्मीदवार का नामांकन पत्र रद्द किया जाना कांग्रेस की सुनियोजित रणनीति का हिस्सा था। उन्होंने कहा कि भाजपा उम्मीदवार को चुनाव मैदान से बाहर करने के लिए सत्ता और प्रशासन का दुरुपयोग किया गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बाद में हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के हस्तक्षेप के बाद भाजपा समर्थित उम्मीदवार को चुनाव लड़ने की अनुमति मिली। उन्होंने दावा किया कि अदालत के इस फैसले से यह स्पष्ट हो गया कि कांग्रेस पार्टी चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि इस पूरी घटना से भाजपा उम्मीदवार और कार्यकर्ताओं को मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा और चुनाव अभियान भी प्रभावित हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार लोकतांत्रिक प्रक्रिया में विश्वास नहीं रखती और जनता का समर्थन घटता देख प्रशासनिक दबाव और सत्ता के प्रभाव का इस्तेमाल कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की विफलताओं, भ्रष्टाचार, आर्थिक कुप्रबंधन और विकास विरोधी नीतियों से परेशान हो चुकी है। जनता ने मन बना लिया है कि इस सरकार को सत्ता से बाहर करना है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चुनावों को प्रभावित करने के प्रयासों से जनता में भारी आक्रोश है और लोग इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से मतदान के माध्यम से देंगे। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी और कांग्रेस सरकार के हर अलोकतांत्रिक कदम को जनता के बीच उजागर करती रहेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में डटे हुए हैं।

उन्होंने कांग्रेस सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि सत्ता के दबाव, प्रशासनिक दुरुपयोग और राजनीतिक षड्यंत्रों के जरिए जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। प्रदेश की जागरूक जनता आने वाले चुनावों में कांग्रेस को करारा जवाब देगी और लोकतंत्र को मजबूत करेगी।