विश्व रेडक्रॉस दिवस पर मिनी सचिवालय में सफाई अभियान

rakesh nandan

08/05/2026

विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर शुक्रवार को रेडक्रॉस सोसाइटी की उपमंडलीय इकाई द्वारा मिनी सचिवालय परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समाज में सेवा भाव को प्रोत्साहित करना रहा।

सफाई अभियान का नेतृत्व एसडीएम निशांत शर्मा ने किया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ स्थानीय नगर परिषद के कर्मचारी भी अभियान में शामिल हुए।

अभियान के तहत मिनी सचिवालय परिसर और उसके आसपास के क्षेत्रों में सफाई कार्य किया गया। कर्मचारियों ने परिसर में फैले कचरे को हटाया तथा झाड़ियों की सफाई भी की। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ वातावरण बनाए रखने और सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया गया।

एसडीएम निशांत शर्मा ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी से ही इसे सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास सफाई बनाए रखने और स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

अभियान में योगदान देने वाले सफाई कर्मचारियों को सम्मान स्वरूप रिफ्रेशमेंट भी वितरित किए गए। अधिकारियों ने सफाई कर्मचारियों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

विश्व रेडक्रॉस दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित इस अभियान के माध्यम से सामाजिक सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।