हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने मेडिकल लैब टैक्निशियन ग्रेड-2 के पदों को भरने के लिए आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम घोषित कर दिया है। यह परीक्षा पोस्ट कोड 25014 के तहत 25 अप्रैल को आयोजित की गई थी।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि परीक्षा का परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट HPRCA Official Website पर उपलब्ध करवा दिया गया है। अभ्यर्थी वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं।
उन्होंने बताया कि स्क्रीनिंग टेस्ट में सफल हुए 2 उम्मीदवारों की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन प्रक्रिया 6 जून सुबह 10 बजे से आयोग परिसर में शुरू होगी। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन का विस्तृत शेड्यूल अलग से वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा।
सचिव ने बताया कि चयनित उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी पर सूचना भेजी जाएगी। उम्मीदवारों को अलग से कॉल लेटर या बुलावा पत्र जारी नहीं किया जाएगा।
डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के दौरान उम्मीदवारों को अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां साथ लानी होंगी। इसके अतिरिक्त दस्तावेजों की सेल्फ अटेस्टेड फोटो कॉपी के दो-दो सेट, आवेदन पत्र की डाउनलोड कॉपी और वैध पहचान पत्र भी प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
डॉ. विक्रम महाजन ने स्पष्ट किया कि यदि कोई उम्मीदवार निर्धारित तिथि और समय पर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उपस्थित नहीं होता है, तो उसे दोबारा मौका नहीं दिया जाएगा। ऐसे मामलों में उम्मीदवार की उम्मीदवारी स्वतः निरस्त मानी जाएगी।
आयोग ने उम्मीदवारों से नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट चेक करने और समय पर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने की अपील की है।