जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले के विभिन्न विकास खंडों की कई ग्राम पंचायतों में प्रधान और उपप्रधान पदों के लिए निर्वाचित उम्मीदवारों की घोषणा कर दी गई है। कई पंचायतों में उम्मीदवार निर्विरोध भी चुने गए हैं।
विकास खंड नाहन की 10 पंचायतों में नेहली धीड़ा, रामाधौण, धगेड़ा, नलका, विक्रमबाग, कालाअंब, त्रिलोकपुर, पालियों, चाकली और नाहन-2 पंचायतों में प्रधान और उपप्रधान निर्वाचित घोषित किए गए।
विकास खंड राजगढ़ की 12 पंचायतों में नेहरपाब, छोगटाली, काथलीभरण, शिलांजी, थैनाबसोतरी, दाहन, टालीभुज्जल, नेहरटीबघोट, हाब्बन, कडोलीदोची, कोटला बांगी और देवठी मझगांव पंचायतों में चुनाव परिणाम घोषित हुए। इनमें कई उम्मीदवार निर्विरोध भी चुने गए।
इसी प्रकार विकास खंड ददाहु की 9 पंचायतों, विकास खंड संगड़ाह की 13 पंचायतों, विकास खंड शिलाई की 13 पंचायतों, विकास खंड पांवटा साहिब की 17 पंचायतों, विकास खंड पच्छाद की 10 पंचायतों तथा विकास खंड कमरऊ स्थित तिलोरधार की 9 पंचायतों में प्रधान और उपप्रधान पदों के परिणाम घोषित किए गए।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। कई पंचायतों में निर्विरोध निर्वाचन देखने को मिला, जिसे लोकतांत्रिक सहमति का सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।
जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंका वर्मा ने सभी नवनिर्वाचित प्रधानों और उपप्रधानों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को प्राथमिकता देंगे और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे।