जिला हमीरपुर में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के दूसरे चरण के तहत 82 ग्राम पंचायतों में वीरवार को सुबह 7 बजे से सायं 3 बजे तक मतदान करवाया जाएगा। मतदान और मतगणना को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि सभी 466 मतदान केंद्रों पर मतदान दल पहुंच चुके हैं। पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी निर्धारित समय पर मतदान प्रक्रिया आरंभ करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं में जुट गए हैं।
उन्होंने कहा कि मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए सुरक्षा और प्रशासनिक स्तर पर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। दूसरे चरण में प्रधान और उपप्रधान के 164 पदों के साथ पंचायत सदस्यों के 466 पदों के लिए मतदान होगा। इसके अलावा संबंधित जिला परिषद और बीडीसी वार्डों के लिए भी वोट डाले जाएंगे।
प्रशासन के अनुसार दूसरे चरण में नादौन ब्लॉक की 21 पंचायतों में 115 मतदान बूथ बनाए गए हैं। बिझड़ी ब्लॉक की 17 पंचायतों में 99 बूथ, बमसन ब्लॉक की 8 पंचायतों में 42 बूथ, भोरंज ब्लॉक की 15 पंचायतों में 91 बूथ, हमीरपुर ब्लॉक की 13 पंचायतों में 75 बूथ तथा सुजानपुर ब्लॉक की 8 पंचायतों में 44 बूथ स्थापित किए गए हैं।
मतदान समाप्त होने के बाद पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के चुनाव परिणाम वीरवार शाम को ही घोषित कर दिए जाएंगे। वहीं पंचायत समिति और जिला परिषद के मतों की गिनती 31 मई को सुबह 9 बजे सभी ब्लॉक मुख्यालयों में शुरू होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और शांतिपूर्ण मतदान प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की है।