ऊना में ‘मेडिएशन फॉर द नेशन 2.0’ अभियान

rakesh nandan

27/05/2026

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊना की सचिव शिखा लखनपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा ‘मेडिएशन फॉर द नेशन 2.0’ नामक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य आमजन के बीच मध्यस्थता एवं आपसी सहमति से विवादों के समाधान को बढ़ावा देना है।

उन्होंने बताया कि अभियान के माध्यम से लोगों को न्यायालयों में लंबित मामलों के त्वरित, सरल और सौहार्दपूर्ण निपटारे के प्रति जागरूक किया जा रहा है। मध्यस्थता को एक ऐसी प्रक्रिया बताया गया है, जिसमें दोनों पक्षों की सहमति से शांतिपूर्ण समाधान निकाला जाता है। इससे समय और धन की बचत होने के साथ-साथ आपसी संबंध भी बने रहते हैं।

शिखा लखनपाल ने कहा कि इस अभियान के तहत न्यायालयों में लंबित दीवानी, पारिवारिक, वाणिज्यिक और शमनीय आपराधिक मामलों के समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं। विशेष रूप से वैवाहिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा, घरेलू हिंसा, चेक बाउंस, संपत्ति विभाजन, भूमि अधिग्रहण और उपभोक्ता मामलों जैसे सुलह योग्य मामलों को प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे विवादों के समाधान के लिए मध्यस्थता को प्राथमिकता दें और ‘मेडिएशन फॉर द नेशन 2.0’ अभियान को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाएं।