हमीरपुर में 6 जून को ‘नवदिशा’ सम्मेलन

rakesh nandan

27/05/2026

जिला हमीरपुर की छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने और ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 6 जून को ‘नवदिशा’ शिक्षा एवं ग्रामीण उद्यमिता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह सम्मेलन जिला प्रशासन हमीरपुर, स्वयंसेवी संस्था वीनस फाउंडेशन और ऑनलाइन कोचिंग संस्थान Physics Wallah के सहयोग से बचत भवन, उपायुक्त कार्यालय परिसर में होगा।

उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य जिला की छात्राओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और भविष्य की संभावनाओं के अनुरूप तैयार करना है।

उन्होंने बताया कि सम्मेलन का पहला सत्र सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं, करियर विकल्पों और भविष्य की संभावनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

वहीं दूसरे सत्र में दोपहर 2 बजे से साढ़े 3 बजे तक ग्रामीण क्षेत्रों के उद्यमियों, विशेषकर महिलाओं और युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के विभिन्न अवसरों से अवगत करवाया जाएगा।

उपायुक्त ने छात्राओं, महिलाओं और युवाओं से इस सम्मेलन में भाग लेकर इसका लाभ उठाने की अपील की है।