ऊना जिले में पंचायती राज संस्थाओं के दूसरे चरण के तहत 28 मई को पांचों उपमंडलों की 83 ग्राम पंचायतों में मतदान करवाया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त जतिन लाल ने चुनाव ड्यूटी में तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पूरी चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और सफल ढंग से संपन्न करवाई जाएगी।
दूसरे चरण में विकास खंड अंब की 19 पंचायतों, बंगाणा की 16 पंचायतों, गगरेट की 14 पंचायतों, ऊना की 18 पंचायतों तथा हरोली की 16 पंचायतों में मतदान होगा।
प्रशासन के अनुसार संवेदनशील और अति संवेदनशील पंचायतों में निगरानी के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। 28 मई को दूसरे चरण में 37 पंचायतों में लाइव वेबकास्टिंग के माध्यम से मतदान प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी। तीनों चरणों में कुल 106 पंचायतों में वेबकास्टिंग की व्यवस्था रहेगी।
उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि मतदान के दौरान मतदाताओं के लिए पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। मतदाता वोटर आईडी कार्ड के अलावा निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य 17 वैकल्पिक दस्तावेजों में से किसी एक का उपयोग भी पहचान के लिए कर सकते हैं। इनमें आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, राशन कार्ड, बैंक पासबुक, छात्र पहचान पत्र और पेंशन दस्तावेज सहित अन्य प्रमाण पत्र शामिल हैं।
उन्होंने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने में सहयोग की अपील की है।