ESIC में आधार पंजीकरण और हेल्थ चेकअप अनिवार्य

rakesh nandan

27/05/2026

बद्दी स्थित कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के क्षेत्रीय कार्यालय ने सामाजिक सुरक्षा से जुड़े दो महत्वपूर्ण प्रावधानों को लागू करने की जानकारी दी है। ईएसआईसी के उपनिदेशक (जनसंपर्क) द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि सामाजिक सुरक्षा संहिता-2020 और सामाजिक सुरक्षा (केंद्रीय) नियम-2025 के तहत कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं देने के लिए यह कदम उठाए गए हैं।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार अब सभी नियोजकों के लिए ईएसआई स्कीम के अंतर्गत कर्मचारियों का आधार आधारित पंजीकरण अनिवार्य कर दिया गया है। नियोजकों को प्रत्येक कर्मचारी का ईएसआईसी पोर्टल पर आधार आधारित पंजीकरण नियुक्ति की तिथि से पहले या उसी दिन सुनिश्चित करना होगा।

पंजीकरण के दौरान कर्मचारी का आधार विवरण और अन्य व्यक्तिगत जानकारी पोर्टल पर दर्ज की जाएगी। इसके बाद निगम द्वारा बीमित व्यक्ति और उसके आश्रित परिवारजनों को आधार से लिंक पहचान पत्र जारी किया जाएगा।

ईएसआईसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी नियोजक कर्मचारियों के विवरण का प्रमाणीकरण यूआईडीएआई द्वारा निर्धारित बायोमैट्रिक, ओटीपी या फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक के माध्यम से 30 दिनों के भीतर करवाएं। यदि निर्धारित समय में प्रमाणीकरण नहीं कराया गया तो संबंधित पंजीकरण अमान्य माना जाएगा।

इसके अलावा नई श्रम संहिताओं के लागू होने के बाद 40 वर्ष या उससे अधिक आयु के कर्मचारियों के लिए वार्षिक स्वास्थ्य जांच भी अनिवार्य कर दी गई है। सभी नियोजकों को कर्मचारियों को स्वास्थ्य जांच करवाने के लिए एक दिन का सवेतन अवकाश देना होगा।

इस स्वास्थ्य जांच में रक्त जांच, छाती का एक्स-रे, ईसीजी और विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श जैसी सुविधाएं शामिल हैं। यह सेवाएं सभी ईएसआईसी और ईएसआईएस अस्पतालों में पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

ईएसआईसी अस्पताल गांव कत्था, बद्दी और ईएसआईएस अस्पताल परवाणु के अलावा ऊना जिले के कर्मचारियों के लिए ईएसआईएस अस्पताल होशियारपुर में भी स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अतिरिक्त काला अंब स्थित ईएसआईसी मॉडल अस्पताल में भी जल्द स्वास्थ्य जांच शिविर शुरू किए जाएंगे।

ईएसआईसी ने सभी नियोजकों से अपील की है कि वे स्थानीय शाखा कार्यालय और सामाजिक सुरक्षा अधिकारियों के समन्वय से कर्मचारियों को चरणबद्ध तरीके से स्वास्थ्य जांच के लिए भेजना सुनिश्चित करें।