JOA लाइब्रेरी भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित

rakesh nandan

27/05/2026

हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (लाइब्रेरी) के 78 पदों को भरने के लिए आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम घोषित कर दिया है। यह परीक्षा पोस्ट कोड 25024 के तहत 25 अप्रैल को आयोजित की गई थी।

आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि परीक्षा का परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट HPRCA Official Website पर उपलब्ध करवा दिया गया है। अभ्यर्थी वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं।

उन्होंने बताया कि स्क्रीनिंग टेस्ट में सफल घोषित किए गए 159 उम्मीदवारों की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन प्रक्रिया 6 जून सुबह 10 बजे से आयोग परिसर में शुरू होगी। इसके लिए विस्तृत शेड्यूल आयोग की वेबसाइट पर अलग से अपलोड किया जाएगा।

सचिव ने कहा कि सभी चयनित उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की सूचना उनकी ईमेल आईडी पर भेजी जाएगी। उम्मीदवारों को अलग से कॉल लेटर या बुलावा पत्र जारी नहीं किया जाएगा।

डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि अभ्यर्थियों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के समय अपने सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां साथ लानी होंगी। इसके अलावा दस्तावेजों की सेल्फ अटेस्टेड फोटो कॉपी के दो-दो सेट, आवेदन पत्र की डाउनलोड कॉपी और वैध पहचान पत्र भी प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई उम्मीदवार निर्धारित तिथि और समय पर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उपस्थित नहीं होता है, तो उसे दोबारा मौका नहीं दिया जाएगा। ऐसे उम्मीदवारों की उम्मीदवारी स्वतः निरस्त मानी जाएगी।

आयोग ने सभी उम्मीदवारों से समय रहते आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने और आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट चेक करने की अपील की है।