पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के पहले चरण में जिला हमीरपुर की 83 ग्राम पंचायतों में मंगलवार को मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक होने वाले मतदान के बाद पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे, जबकि जिला परिषद और बीडीसी उम्मीदवारों का भविष्य मतपेटियों में बंद हो जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। पहले चरण के लिए बनाए गए सभी 482 मतदान केंद्रों पर मतदान दल रविवार को ही पहुंच गए थे और सोमवार तक सभी बूथ पूरी तरह स्थापित कर दिए गए।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक पंचायत वार्ड के लिए अलग मतदान केंद्र बनाया गया है। केवल भोरंज विकास खंड की ग्राम पंचायत कंजयाण के एक वार्ड के लिए दो मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।
जिला प्रशासन के अनुसार मतदान सुबह ठीक 7 बजे शुरू हुआ और शाम 3 बजे तक जारी रहेगा। मतदान समाप्त होने के बाद निर्धारित मतगणना केंद्रों पर पंचायत प्रधान, उपप्रधान और पंचायत वार्ड सदस्यों के मतों की गिनती शुरू कर दी जाएगी। इन पदों के परिणाम मंगलवार शाम तक घोषित किए जाने की संभावना है।
वहीं पंचायत समिति (बीडीसी) और जिला परिषद के चुनावों की मतगणना 31 मई को सुबह 9 बजे से सभी ब्लॉक मुख्यालयों में की जाएगी। प्रशासन ने मतगणना प्रक्रिया को भी शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के लिए आवश्यक प्रबंध किए हैं।
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने जिले के सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करें और चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने में प्रशासन का सहयोग करें।
प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और होमगार्ड्स के जवान मतदान केंद्रों पर तैनात किए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोका जा सके।
हमीरपुर जिले में पंचायत चुनाव को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। सुबह से ही कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं।