जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त अपूर्व देवगन ने बताया कि मंडी जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने सभी मतदाताओं से अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदान करने की अपील की है।
उपायुक्त ने बताया कि इस बार पंचायत चुनावों में मतपत्रों के लिए अलग-अलग रंग निर्धारित किए गए हैं ताकि मतदाताओं को मतदान में सुविधा हो सके। जिला परिषद सदस्य के लिए हल्के नीले रंग का बैलेट पेपर, पंचायत समिति सदस्य के लिए गुलाबी रंग का, प्रधान पद के लिए हल्के हरे रंग का, उपप्रधान के लिए पीले रंग का और वार्ड सदस्य के लिए सफेद रंग का बैलेट पेपर उपयोग किया जाएगा।
उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि मतदान करते समय उम्मीदवार के चुनाव चिन्ह के ठीक सामने ही मुहर लगाएं। यदि चुनाव चिन्ह के ऊपर या नीचे मुहर लगाई गई तो मतपत्र रद्द हो सकता है।
अपूर्व देवगन ने बताया कि जिले की 577 ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के लिए 2291 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि उपप्रधान पद के लिए 2152 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा 3305 वार्ड सदस्य पदों के लिए 4662 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 14 पंचायत समितियों के 267 सदस्य पदों के लिए 1027 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, जबकि 36 जिला परिषद सीटों के लिए 183 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। कुछ पंचायतों में प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य और पंचायत समिति सदस्य निर्विरोध भी चुने जा चुके हैं।
जिले में तीन चरणों में चुनाव करवाने के लिए कुल 3135 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पहले चरण में लगभग पांच हजार अधिकारी और कर्मचारी चुनाव प्रक्रिया को संपन्न करवाने में तैनात किए गए हैं।
उपायुक्त के अनुसार पहले चरण में 26 मई को 198 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा। इसके बाद दूसरे चरण में 28 मई को 196 पंचायतों और तीसरे एवं अंतिम चरण में 30 मई को 183 पंचायतों में मतदान करवाया जाएगा। मतदान का समय सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है।
मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन पंचायत स्तर पर मतगणना की जाएगी और ग्राम पंचायत चुनावों के परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। इसके लिए पंचायत स्तर पर मतगणना केंद्र स्थापित किए गए हैं। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतगणना केंद्रों की वीडियोग्राफी करवाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों की मतगणना 31 मई 2026 को की जाएगी। प्रशासन की ओर से मतगणना प्रक्रिया की वेबकास्टिंग और वीडियोग्राफी की व्यवस्था भी की गई है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया है।
उपायुक्त ने कहा कि मतदान और मतगणना केंद्रों में केवल उम्मीदवारों और उनके अधिकृत एजेंटों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। साथ ही मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में उम्मीदवार या उनके समर्थकों द्वारा किसी प्रकार का बूथ लगाने की अनुमति नहीं होगी।