31 मई तक सभी पात्र लड़कियों को लगाएं एचपीवी वैक्सीन: उपायुक्त

rakesh nandan

25/05/2026

उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने जिला हमीरपुर के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के प्रधानाचार्यों तथा शिक्षकों से एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की जो लड़कियां अब तक एचपीवी वैक्सीन से वंचित हैं, उन्हें जल्द से जल्द टीका लगवाने के लिए प्रेरित किया जाए।

सोमवार को हिम अकादमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल विकासनगर में आयोजित जागरुकता कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन का एक टीका लड़कियों को जीवनभर सर्विकल कैंसर यानी गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने में सहायक हो सकता है।

उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि यदि छात्राओं या उनके अभिभावकों के मन में टीके को लेकर किसी प्रकार की भ्रांति या डर है तो उन्हें सही जानकारी देकर जागरूक किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर स्वास्थ्य विभाग की सहायता लेकर काउंसलिंग भी करवाई जा सकती है।

गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि जिला हमीरपुर में 29 मार्च 2026 से एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले में 14-15 वर्ष आयु वर्ग की लगभग 2967 लड़कियों को टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि अब तक जिले में 1318 लड़कियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई जा चुकी है। सोमवार को भी 19 लड़कियों का टीकाकरण किया गया। उपायुक्त ने कहा कि सभी पात्र लड़कियों का 31 मई तक टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग और शिक्षा विभाग मिलकर कार्य कर रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान खंड स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रमेश रत्तू ने छात्राओं और शिक्षकों को एचपीवी वायरस, सर्विकल कैंसर और टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समय पर टीकाकरण करवाने से भविष्य में इस गंभीर बीमारी से प्रभावी बचाव संभव है।

स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे टीके को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रांति पर ध्यान न दें और अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण करवाएं। विभाग के अनुसार यह टीका पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है।

जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि अभियान के अंतिम चरण तक सभी पात्र बालिकाओं को टीकाकरण का लाभ मिले और जिले में सर्विकल कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।