धर्मशाला नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा ने जारी किया संकल्प पत्र

rakesh nandan

12/05/2026

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधायक सुधीर शर्मा ने धर्मशाला नगर निगम चुनावों के लिए भाजपा का “संकल्प पत्र” जारी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा धर्मशाला को आधुनिक, सुव्यवस्थित, पर्यावरण अनुकूल और विश्वस्तरीय पर्यटन शहर के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पवन काजल, भाजपा प्रवक्ता राकेश शर्मा, संजय शर्मा, विश्व चक्षु तथा जिला अध्यक्ष सचिन शर्मा भी उपस्थित रहे।

सुधीर शर्मा ने कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र केवल चुनावी घोषणा नहीं, बल्कि धर्मशाला के भविष्य का विजन डॉक्यूमेंट है। इसे शहर की वर्तमान आवश्यकताओं और भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा की प्राथमिकता धर्मशाला में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना, यातायात व्यवस्था को आधुनिक बनाना और नागरिकों की जीवन गुणवत्ता को बेहतर करना है। इसी उद्देश्य से भाजपा ने शहर के 22 चिन्हित स्थानों पर स्मार्ट पार्किंग विकसित करने, 24×7 पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा जल संरक्षण के लिए मुख्य खड्डों पर छोटे बांध बनाने का संकल्प लिया है।

सुधीर शर्मा ने बताया कि भाजपा चरान खड्ड से भागसूनाग तक फनिकुलर यातायात परियोजना शुरू करेगी, जिससे ट्रैफिक जाम कम होगा और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पहले स्मार्ट सिटी डीपीआर में शामिल थी, लेकिन लागू नहीं हो सकी।

उन्होंने कहा कि भाजपा कचहरी अड्डा और कोतवाली बाजार के पुनर्विकास, धर्मशाला बस अड्डे के निर्माण तथा उसकी कोतवाली बाजार से सीधी कनेक्टिविटी पर भी कार्य करेगी। इसके अलावा शहर में ई-टैक्सी सेवा, साइकिलिंग और जॉगिंग ट्रैक, चौक-चौराहों का सौंदर्यकरण तथा डीकंजेशन पॉलिसी लागू करने की भी योजना है।

महिलाओं और युवाओं को लेकर भाजपा के विजन पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए “MC Cooperative Grid” का गठन किया जाएगा। वहीं युवाओं के लिए मल्टी स्पोर्ट्स जोन, फुटबॉल अकादमी, स्किल डेवलपमेंट और स्टार्टअप इनक्यूबेशन सेंटर स्थापित किए जाएंगे।

सुधीर शर्मा ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए “Doctor on Call” ऐप शुरू किया जाएगा और आशियाना योजना के तहत सरकारी भूमि पर बने मकानों का नियमीकरण किया जाएगा। नगर निगम की सभी सेवाओं को ऑनलाइन करने और समय सीमा में कार्य न होने पर आवेदन स्वतः स्वीकृत मानने की व्यवस्था लागू करने का भी वादा किया गया।

उन्होंने कहा कि भाजपा धर्मशाला को “ड्रग मुक्त शहर” बनाने के लिए विशेष अभियान चलाएगी। टेक्नोलॉजी, सीसीटीवी निगरानी, जनजागरूकता और प्रशासनिक समन्वय के माध्यम से नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

स्मार्ट सिटी परियोजनाओं को लेकर कांग्रेस सरकार और नगर निगम पर निशाना साधते हुए सुधीर शर्मा ने कहा कि कई परियोजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही का अभाव रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई योजनाएं केवल कागजों तक सीमित रहीं।

उन्होंने कहा कि भाजपा विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करेगी और केंद्र सरकार की योजनाओं तथा निजी निवेश के माध्यम से धर्मशाला को आधुनिक और सुविधायुक्त शहर के रूप में विकसित करेगी।

अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा धर्मशाला को हिमाचल प्रदेश की दूसरी राजधानी और वैश्विक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्मार्ट सिटी विजन के अनुरूप कार्य करेगी।