भाजपा ने पालमपुर नगर निगम चुनाव के लिए जारी किया विजन डॉक्यूमेंट

rakesh nandan

12/05/2026

भारतीय जनता पार्टी ने पालमपुर नगर निगम चुनाव के लिए अपना विजन डॉक्यूमेंट एवं संकल्प पत्र जारी किया। इस अवसर पर भाजपा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार ने कहा कि भाजपा का यह संकल्प पत्र केवल चुनावी घोषणा नहीं, बल्कि पालमपुर के समग्र विकास का रोडमैप है।

विपिन परमार ने कहा कि पालमपुर वीरों, शहीदों और सांस्कृतिक विरासत की भूमि है। भाजपा नगर निगम क्षेत्र के प्रमुख प्रवेश द्वारों का नामकरण शहीदों के नाम पर करेगी तथा कारगिल युद्ध के प्रथम शहीद सौरभ कालिया, परमवीर चक्र विजेता मेजर सोमनाथ शर्मा, कैप्टन विक्रम बत्रा और मेजर सुधीर वालिया सहित अन्य वीर सपूतों की स्मृति में भव्य शहीद स्मारक का निर्माण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा पालमपुर को धार्मिक और पर्यटन सर्किट से जोड़ने का कार्य करेगी। हिमानी चामुंडा, चामुंडेश्वरी माता मंदिर, काली माता मंदिर, विद्यावासिनी मंदिर, शोभा सिंह आर्ट गैलरी, सीएसआईआर तथा कृषि विश्वविद्यालय जैसे संस्थानों और स्थलों को पर्यटन विकास से जोड़ा जाएगा।

भाजपा नेताओं ने कहा कि शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम को देखते हुए केंद्र सरकार के सहयोग से अंडरपास, ओवरहेड ब्रिज और आधुनिक यातायात व्यवस्था विकसित की जाएगी। साथ ही शहर में फैले बिजली और संचार तारों को व्यवस्थित करने के लिए विशेष योजना लागू की जाएगी।

विपिन परमार ने कहा कि पालमपुर में आदर्श गौ सदन स्थापित किए जाएंगे तथा भूमिहीन और आवासहीन परिवारों को चार से पांच मरले भूमि उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत लगभग 400 मकानों के निर्माण के लिए केंद्र सरकार से धनराशि स्वीकृत हो चुकी है।

भाजपा ने प्रत्येक वार्ड में बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए पार्क विकसित करने तथा मौजूदा कूड़ा संयंत्र को अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने का भी संकल्प लिया। पार्टी का कहना है कि वर्तमान स्थल को पर्यटन परियोजना के रूप में विकसित किया जाएगा ताकि पर्यावरण और न्यूगल नदी को प्रदूषण से बचाया जा सके।

भाजपा नेताओं ने कहा कि नगर निगम में शामिल ग्रामीण क्षेत्रों की भावनाओं का सम्मान किया जाएगा और यदि कुछ क्षेत्र नगर निगम से बाहर जाना चाहते हैं तो उनकी इच्छा के अनुरूप निर्णय लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नगर निगम में सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया जाएगा ताकि जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, नक्शा पास करवाने और अन्य सेवाओं के लिए लोगों को परेशानी न हो। साथ ही शहरी आजीविका मिशन के तहत रोजगार के अवसर बढ़ाने और भवन निर्माण प्रक्रिया को सरल बनाने का भी वादा किया गया।

भाजपा ने पालमपुर को चिट्टा मुक्त और नशा मुक्त बनाने के लिए व्यापक अभियान चलाने की बात कही है।

इस अवसर पर डॉ. राजीव भारद्वाज ने कांग्रेस सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। उन्होंने ट्रांसफर माफिया, खनन माफिया, शराब माफिया और ड्रग माफिया के बढ़ते प्रभाव का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की गारंटियां पूरी तरह विफल साबित हुई हैं और महिलाओं को ₹1500 प्रति माह देने सहित कई वादे पूरे नहीं किए गए। उन्होंने सरकार से इस संबंध में श्वेत पत्र जारी करने की मांग की।

कार्यक्रम में डॉ. सिकंदर कुमार, त्रिलोक कपूर, विनय शर्मा, रविंद्र रवि, प्रवीण शर्मा, राजेश ठाकुर और रागिनी सहित कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।