NEET-UG 2026 विवाद पर अभाविप ने जताई चिंता

rakesh nandan

12/05/2026

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने NEET-UG 2026 परीक्षा से जुड़ी कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और परीक्षा की गोपनीयता एवं विश्वसनीयता को लेकर उठ रहे सवालों पर गहरी चिंता व्यक्त की है।

अभाविप ने कहा कि विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स तथा जांच एजेंसियों से सामने आ रही जानकारी ने देशभर के लाखों विद्यार्थियों और अभिभावकों के मन में परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता को लेकर गंभीर चिंता पैदा की है।

संगठन ने स्पष्ट कहा कि प्रवेश परीक्षाओं की निष्पक्षता और विश्वसनीयता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। अभाविप के अनुसार यदि परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र अथवा उससे जुड़े प्रश्न कुछ लोगों तक पहुंचे हैं, तो यह केवल परीक्षा प्रणाली पर हमला नहीं बल्कि मेहनत करने वाले लाखों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ अन्याय है।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने केंद्र सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच केंद्रीय एजेंसियों से करवाने की मांग की है। संगठन ने कहा कि इस मामले में शामिल दोषियों, परीक्षा माफियाओं तथा किसी भी स्तर पर सहयोग करने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।

अभाविप ने यह भी मांग की कि जांच पूरी होने तक नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) पूरे मामले में पारदर्शिता बनाए रखे और विद्यार्थियों तथा अभिभावकों के सामने तथ्य स्पष्ट करे।

अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि देश के लाखों विद्यार्थी वर्षों की मेहनत और संघर्ष के बाद NEET जैसी परीक्षाओं में शामिल होते हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार की अनियमितता उनके मनोबल और भविष्य पर गंभीर प्रभाव डालती है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में तकनीकी सुरक्षा, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, परीक्षा केंद्रों की निगरानी और जवाबदेही की व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि अभाविप विद्यार्थियों के हित, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और न्याय सुनिश्चित करने के लिए लगातार अपनी आवाज उठाती रहेगी।