जिला सिरमौर के थाना माजरा क्षेत्र के अंतर्गत कोलर गांव में पुरानी रंजिश के चलते घर पर बनी दुकान में घुसकर लाठी और तलवार से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन नामजद सहित 5-6 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह मामला विशाल कुंडलस पुत्र राजिंद्र सिंह, निवासी गांव कोलर, तहसील पांवटा साहिब के बयान पर दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार 9 मई 2026 को एक डंपर चालक द्वारा उसके घर के पास उसके पिता के साथ बहस हुई थी। इसी रंजिश के चलते 11 मई की रात जब वह और उसका चचेरा भाई प्रवीण घर पर बनी दुकान में बैठे थे, तभी काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार 5-6 लोग वहां पहुंचे।
शिकायत के अनुसार सभी हमलावरों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। आरोप है कि हमलावर दुकान में घुस गए और लाठियों तथा तलवार से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। शोर सुनकर जब शिकायतकर्ता के पिता मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी हमला किया।
वारदात के बाद सभी आरोपी स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठकर नाहन की ओर फरार हो गए। शिकायतकर्ता ने हमलावरों में दीपक, रमन और विक्की नाम के लोगों की पहचान होने की बात कही है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी दीपक को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही हमले में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद कर ली गई है। पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
पुलिस ने कहा कि असामाजिक तत्वों के लिए सिरमौर में कोई स्थान नहीं है और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।