श्री रेणुकाजी के धार्मिक स्थल मेला मैदान में आयोजित विवाह समारोह के दौरान कथित शराब सेवन के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह मामला अनुज तोमर, वन परिक्षेत्र अधिकारी, वन परिक्षेत्र श्री रेणुकाजी, जिला सिरमौर की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार वन मंडल अधिकारी रेणुकाजी द्वारा 4 और 5 मई 2026 को मेला मैदान में विवाह समारोह आयोजित करने के लिए हरीश कुमार पुत्र विनोद कुमार, निवासी ददाहू को अस्थायी अनुमति दी गई थी।
शिकायत में कहा गया है कि कार्यक्रम के बाद सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली कि समारोह के दौरान स्थल पर शराब का सेवन किया गया।
पुलिस के अनुसार श्री रेणुकाजी क्षेत्र धार्मिक आस्था से जुड़ा स्थल है, जहां शराब सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है। धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में थाना रेणुका जी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि धार्मिक स्थलों की गरिमा बनाए रखें और धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले कार्यों से बचें, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।