पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य चुनाव-2026 के सफल एवं निष्पक्ष संचालन को लेकर विकास खंड सदर बिलासपुर के अंतर्गत मतदान कर्मियों की चुनावी रिहर्सल एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम अम्बेडकर भवन लखनपुर में संपन्न हुआ, जिसमें लगभग 350 अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान पीठासीन अधिकारियों और पोलिंग अधिकारियों को पंचायत चुनाव प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं।
इस अवसर पर विकास खंड अधिकारी सदर विजय कुमार तथा जिला अंकेक्षण अधिकारी एवं नोडल अधिकारी प्रशिक्षण विश्वनाथ शर्मा ने चुनावी प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बैलट पेपर, बैलट बॉक्स और पंचायत चुनाव में उपयोग होने वाले विभिन्न प्रपत्रों को भरने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई।
इसके अतिरिक्त मतदाताओं द्वारा मतपत्र पर मोहर लगाने की सही प्रक्रिया, मतदाता सूची के उपयोग तथा ऑनलाइन डाटा भरने संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों ने मतदान कर्मियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को मतदान प्रक्रिया की व्यावहारिक जानकारी देकर चुनाव कार्य को सुचारू रूप से संपन्न करवाना रहा।