जिला बिलासपुर में जनगणना-2027 के प्रथम चरण ‘गृह सूचीकरण कार्य’ के सफल संचालन के लिए तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त एवं जिला जनगणना अधिकारी राहुल कुमार ने डीआरडीए सभागार में किया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अंतर्गत जनगणना कार्य निदेशालय के सौजन्य से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान फील्ड ट्रेनरों को जनगणना-2027 के प्रथम चरण को सफलतापूर्वक संपन्न करवाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश और तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर राहुल कुमार ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य अधिकारियों और कर्मचारियों को गृह सूचीकरण प्रक्रिया, डिजिटल माध्यमों तथा नवीन तकनीकों के उपयोग की विस्तृत जानकारी देना है।
उन्होंने कहा कि जनगणना देश की सबसे महत्वपूर्ण सांख्यिकीय प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से प्राप्त आंकड़े सरकार की विभिन्न योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बताया कि जनगणना आंकड़ों के आधार पर संसद, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों, पंचायतों तथा शहरी निकायों की सीटों का परिसीमन भी किया जाता है।
उपायुक्त ने कहा कि जनगणना के दौरान लोगों से कुल 33 प्रश्न पूछे जाएंगे और प्रगणक केवल आंकड़े एकत्रित करने का कार्य नहीं करते, बल्कि वे राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण प्रक्रिया का हिस्सा होते हैं।
सहायक निदेशक जनगणना प्रियांशु तिवारी ने बताया कि प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की जाएगी। इससे मानव बस्तियों, आवासीय सुविधाओं और परिवारों की परिसंपत्तियों से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े प्राप्त होंगे, जो विकास योजनाओं और आवास नीतियों के निर्माण में सहायक होंगे।
उन्होंने बताया कि जनगणना का दूसरा चरण जनसंख्या गणना के रूप में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी एकत्रित की जाएगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को सीएमएमएस पोर्टल, एचएलओ (हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन) और एचएलबीसी ऐप जैसे डिजिटल प्लेटफार्मों के उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी। इन माध्यमों से वास्तविक समय में फील्ड डेटा संग्रहण, निगरानी और गांवों की सीमाओं के निर्धारण की प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा।
कार्यक्रम में आम जनता से “जनगणना से जन कल्याण” अभियान में सहयोग की अपील भी की गई। स्व-गणना कार्य 1 जून 2026 से 15 जून 2026 तक तथा हाउस लिस्टिंग कार्य 16 जून 2026 से 15 जुलाई 2026 तक संचालित किया जाएगा।
इस अवसर पर ओम कांत ठाकुर, ललित शर्मा, आनंद सोनी तथा नीलाक्ष शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।