जिला सिरमौर के पच्छाद उपमंडल स्थित भूर्शिंग महादेव मंदिर में 7 जून से 14 जून तक श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञानयज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन का आयोजन मोहाना निवासी एवं सर्वोच्च न्यायालय दिल्ली के वरिष्ठ अधिवक्ता जेएस अत्री तथा उनके पुत्र अधिवक्ता विवेक अत्री अपने परिजनों के साथ क्षेत्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण के उद्देश्य से करवा रहे हैं।
कथा वाचक आचार्य व्यास चंद्रशेखर चंडी वाले 7 जून से 14 जून तक श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत कथा का रसपान करवाएंगे।
आयोजन समिति के अनुसार 7 जून को सुबह 10 बजे कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक कथा प्रवचन होगा। शाम 4 बजे से देर शाम तक श्रद्धालुओं के लिए भंडारा प्रसाद वितरित किया जाएगा, जबकि रात्रि 7:30 बजे से 9 बजे तक संध्या कीर्तन का आयोजन होगा।
8 जून से 13 जून तक प्रतिदिन सुबह मूल पाठ एवं पूजन किया जाएगा। इसके बाद सुबह 11 बजे तक माल पाठक एवं पूजन होगा। सुबह 11 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक भजन-कीर्तन आयोजित होगा, जबकि दोपहर 12:30 बजे से शाम 4 बजे तक कथा प्रवचन होगा। प्रतिदिन शाम 4 बजे से श्रद्धालुओं के लिए भंडारा प्रसाद वितरित किया जाएगा।
14 जून को सुबह 10 बजे हवन यज्ञ एवं पूर्णाहुति के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। इसके बाद सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक कथा प्रवचन तथा दोपहर 1 बजे से देर शाम तक भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
भूर्शिंग महादेव मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं से श्रीमद् भागवत कथा में पहुंचकर धार्मिक आयोजन में भाग लेने और कथा का लाभ प्राप्त करने की अपील की है।