बिलासपुर में दूसरे चरण के मतदान की तैयारियां पूरी

rakesh nandan

27/05/2026

जिला बिलासपुर में पंचायती राज संस्थाओं के दूसरे चरण के मतदान के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि 28 मई को जिले की 62 ग्राम पंचायतों में मतदान करवाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में कुल 1 लाख 8 हजार 369 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 54 हजार 402 पुरुष और 53 हजार 967 महिला मतदाता शामिल हैं।

जिले में दूसरे चरण के मतदान के लिए कुल 386 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें 271 सामान्य श्रेणी के, 77 संवेदनशील और 38 अति संवेदनशील मतदान केंद्र शामिल हैं। प्रशासन ने सभी संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए हैं ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सके।

राहुल कुमार ने बताया कि दूसरे चरण की 62 पंचायतों के मतों की गणना के लिए कुल 62 मतगणना केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें 14 मतगणना केंद्र संवेदनशील और 17 अति संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं।

उपायुक्त ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता बिना किसी भय या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करें और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करें।

उन्होंने कहा कि मतदान के दिन प्रत्येक मतदाता अपने साथ निर्वाचन आयोग द्वारा जारी एपिक कार्ड या कोई वैध पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट या पैन कार्ड अवश्य लेकर आएं। मतदान सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक होगा।

राहुल कुमार ने कहा कि मतदाता मतदान केंद्रों पर शांति और अनुशासन बनाए रखें। महिला, बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं की सहायता करने की भी अपील की गई है। गर्मी को देखते हुए मतदाताओं को पानी और छाता साथ लाने की सलाह दी गई है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान केंद्र के भीतर मोबाइल फोन और कैमरा ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। मतदान केंद्र के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार की प्रचार सामग्री, राजनीतिक चिन्ह, टोपी, गमछा या पर्चा ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

मतदान की गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश देते हुए उपायुक्त ने कहा कि बैलेट पेपर की फोटो खींचना और मतदान की जानकारी सार्वजनिक करना दंडनीय अपराध है। मतदाता केवल निर्धारित चुनाव चिन्ह पर ही मुहर लगाएं और बैलेट पेपर पर किसी प्रकार का हस्ताक्षर या नाम न लिखें।

उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों के मतों की गणना मतदान समाप्ति के तुरंत बाद की जाएगी, जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद के मतों की गिनती 31 मई को निर्धारित मतगणना केंद्रों पर होगी।

दूसरे चरण में झंडूता, घुमारवीं, सदर बिलासपुर और श्री नैना देवी जी विकास खंड की कुल 62 पंचायतों में मतदान होगा।