उप निदेशक उद्यान बिलासपुर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला के विभिन्न फल संतति एवं प्रदर्शन उद्यानों में वर्ष 2026-27 की फल फसल की नीलामी विभाग द्वारा आयोजित की जाएगी। नीलामी प्रक्रिया 8 जून से शुरू होकर 11 जून तक चलेगी।
उन्होंने बताया कि फलोद्यान केंद्र निहारी में आम और लीची की नीलामी 8 जून को सुबह 11:30 बजे आयोजित होगी। इसके लिए धरोहर राशि 5 हजार रुपये निर्धारित की गई है।
इसी दिन फलोद्यान केंद्र बरोहा में आम और लीची की नीलामी दोपहर 2:30 बजे होगी, जहां धरोहर राशि 1500 रुपये तय की गई है।
फलोद्यान केंद्र कोट कहलूर में आम की नीलामी 9 जून को सुबह 11:30 बजे आयोजित होगी, जबकि गुरु का लाहौर केंद्र में आम की नीलामी 9 जून को दोपहर 2 बजे रखी गई है। इन दोनों केंद्रों के लिए धरोहर राशि 2-2 हजार रुपये निर्धारित की गई है।
इसके अलावा फलोद्यान केंद्र सलोआ में आम और लीची की नीलामी 10 जून को सुबह 11:30 बजे होगी। वहीं फलोद्यान केंद्र निहाल में आम की नीलामी 11 जून को दोपहर 2 बजे आयोजित की जाएगी। इन दोनों केंद्रों के लिए धरोहर राशि 1-1 हजार रुपये रखी गई है।
उद्यान विभाग ने बताया कि इच्छुक ठेकेदार कार्यालय समय के दौरान संबंधित फलोद्यानों का निरीक्षण कर सकते हैं और फसल की स्थिति का आकलन कर सकते हैं।
नीलामी में भाग लेने वाले व्यक्तियों को निर्धारित धरोहर राशि नीलामी समिति या संबंधित फलोद्यान प्रभारी के समक्ष जमा करवानी होगी। विभाग के अनुसार अंतिम बोली प्राप्त करने वाले ठेकेदार को कुल बोली राशि का 50 प्रतिशत हिस्सा धरोहर राशि के अतिरिक्त नीलामी समाप्त होते ही जमा करवाना अनिवार्य होगा।
शेष राशि फल तोड़ने से पहले जमा करवानी होगी। विभाग ने सभी इच्छुक ठेकेदारों से समय पर प्रक्रिया पूरी करने और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है।