बिलासपुर में दोपहर 1 बजे तक 63% मतदान

rakesh nandan

28/05/2026

जिला बिलासपुर में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के तहत मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में जारी है। दोपहर 1 बजे तक जिले में लगभग 63 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले की 62 पंचायतों और 386 पंचायत वार्डों में मतदान जारी है। उन्होंने बताया कि कुल 1,08,746 मतदाताओं में से अब तक 67,608 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं।

उपायुक्त के अनुसार पुरुष मतदाताओं में 56.17 प्रतिशत जबकि महिला मतदाताओं में 68.21 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। महिलाओं की मतदान में सक्रिय भागीदारी लोकतंत्र के प्रति जागरूकता को दर्शाती है।

उन्होंने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संचालित की जा रही है और प्रशासन द्वारा सुरक्षा तथा मूलभूत सुविधाओं के पर्याप्त प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।

जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें।