हमीरपुर में तीसरे चरण का चुनाव प्रचार थमा

rakesh nandan

28/05/2026

पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के तीसरे एवं अंतिम चरण में जिला हमीरपुर की 77 ग्राम पंचायतों में वीरवार सायं 3 बजे चुनाव प्रचार समाप्त हो गया। इन पंचायतों में प्रधान एवं उपप्रधान के 154 पदों और पंचायत सदस्यों के 429 पदों के अलावा संबंधित जिला परिषद और बीडीसी वार्डों के लिए भी मतदान होगा।

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मतदान समाप्ति के निर्धारित समय से पूर्व 48 घंटे की अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की चुनावी जनसभा, जुलूस, सांस्कृतिक कार्यक्रम, टीवी-सिनेमा शो और सार्वजनिक बैठकों पर प्रतिबंध रहेगा।

उन्होंने बताया कि इस अवधि के दौरान संबंधित पंचायतों में शराब की बिक्री और वितरण पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। होटल, रेस्तरां, बार, क्लब, मैरिज पैलेस तथा अन्य सार्वजनिक एवं निजी प्रतिष्ठानों में भी शराब परोसने या वितरण की अनुमति नहीं होगी।

जिला प्रशासन के अनुसार मतदान केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार की प्रचार गतिविधियों, चुनावी सामग्री के प्रदर्शन तथा मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिशों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। मतदान केंद्रों और आसपास हथियार लेकर चलने पर भी रोक रहेगी। हालांकि यह प्रतिबंध मतदान ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों पर लागू नहीं होगा।

तीसरे चरण का मतदान 30 मई को सुबह 7 बजे से सायं 3 बजे तक होगा। पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों के परिणाम उसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे, जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद के मतों की गणना 31 मई को सुबह 9 बजे से सभी ब्लॉक मुख्यालयों में की जाएगी।

तीसरे चरण में हमीरपुर ब्लॉक की 12 पंचायतों में 66 बूथ, बमसन की 8 पंचायतों में 42 बूथ, नादौन की 20 पंचायतों में 110 बूथ, सुजानपुर की 8 पंचायतों में 42 बूथ, भोरंज की 14 पंचायतों में 82 बूथ तथा बिझड़ी की 15 पंचायतों में 87 बूथ बनाए गए हैं।