उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने हमीरपुर में मतदान केंद्रों का निरीक्षण

rakesh nandan

28/05/2026

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के दूसरे चरण के दौरान विकास खंड बिझड़ी और नादौन के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर चुनावी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उपायुक्त ने विकास खंड बिझड़ी की ग्राम पंचायत मोरसू सुल्तानी, करेर, गारली, दांदड़ू और जौड़े अंब के मतदान केंद्रों का दौरा किया। इसके बाद उन्होंने विकास खंड नादौन की ग्राम पंचायत पनसाई, बूणी और रंगस के मतदान केंद्रों का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए किए गए सुरक्षा एवं प्रशासनिक प्रबंधों की समीक्षा की। साथ ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए उपलब्ध करवाई गई सुविधाओं का भी जायजा लिया।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने और मतदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

उधर, अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक गर्ग ने भी जिले के कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।