हमीरपुर में बुजुर्गों और युवाओं में मतदान उत्साह

rakesh nandan

28/05/2026

पंचायतीराज institutions के चुनाव के दूसरे चरण में जिला हमीरपुर की 82 ग्राम पंचायतों में वीरवार को हुए मतदान के दौरान बुजुर्गों, दिव्यांगों और नए युवा मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

विकास खंड भोरंज की ग्राम पंचायत दसमल के 116 वर्षीय खड़कू राम ने वार्ड नंबर-3 के मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं विकास खंड बमसन की ग्राम पंचायत बारीं की 103 वर्षीय दमोदरी देवी ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला बारीं में स्थापित मतदान केंद्र पर वोट डाला।

इन वरिष्ठ मतदाताओं के उत्साह ने अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित किया। चुनावी प्रक्रिया में बुजुर्गों की सक्रिय भागीदारी लोकतंत्र के प्रति उनकी जागरूकता और जिम्मेदारी को दर्शाती है।

भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने भी सुलगवान स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला जाहू कलां के मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

इसके अलावा ग्राम पंचायत बधानी के जिजवीं वार्ड में 85 वर्षीय विमला देवी सहित कई नए युवा मतदाताओं ने भी पहली बार मतदान कर लोकतंत्र के इस पर्व में भागीदारी निभाई। जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।